राज्य बना, सत्ता बदली, लेकिन जनता की हालत नहीं बदली : मदन सिंह सामंत

Spread the love

मदन उवाच—25 साल में सरकारों ने जनता को सिर्फ वादों और घोषणाओं में उलझाए रखा, पलायन और बेरोजगारी पर नहीं लगी लगाम

एस. गुप्ता

हरिद्वार। उत्तराखंड की जनता ने जिस बेहतर भविष्य के लिए अलग राज्य की लड़ाई लड़ी थी, सत्ता में आई सरकारों ने उस सपने को साकार करने के बजाय उसे वादों और घोषणाओं में उलझाकर रख दिया। यह तीखा राजनीतिक हमला सारे काम का तुरंत हल पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष मदन सिंह सामंत ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि 25 साल में सरकारें बदलती रहीं, लेकिन पलायन, बेरोजगारी, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और जनसमस्याएं जस की तस बनी रहीं। उन्होंने कहा कि यदि सरकारें विकास का दावा करती हैं तो उसका लाभ आम जनता और स्थानीय युवाओं को जमीन पर दिखाई देना चाहिए। साथ ही कुंभ और गंगा संरक्षण के बजट में कथित बंदरबांट पर रोक लगाकर पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

कुंभ बजट की बंदरबांट बर्दाश्त नहीं

उन्होंने कहा कि राज्य गठन का मूल उद्देश्य पहाड़ और प्रदेश के आम लोगों के जीवन में बेहतर बदलाव लाना था, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं। सरकार को पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा करने होंगे। सामंत ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की जरूरत है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनसमस्याओं का अंबार लगा है, जिनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना जरूरी है।

‘गंगा का बजट गंगा पर ही खर्च हो’

कुंभ की तैयारियों और विकास कार्यों को लेकर सामंत ने कहा कि कुंभ निर्माण कार्यों में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जानी चाहिए। कुंभ के लिए मिलने वाले बजट का सही तरीके से उपयोग हरिद्वार के विकास में होना चाहिए, ताकि इन कार्यों का लाभ जनता को लंबे समय तक मिल सके। उन्होंने मांग की कि गंगा संरक्षण और संवर्धन के लिए मिलने वाला बजट गंगा पर ही खर्च किया जाए। कुंभ बजट की किसी भी तरह की बंदरबांट नहीं होनी चाहिए।

सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा

सामंत ने कहा कि पार्टी का संगठन पूरे प्रदेश में विस्तार किया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।पत्रकार वार्ता में नरेंद्र सिंह, मनीष भाटिया, जाकिर हुसैन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *