आर. के. जोशी
नोहर। शहीद स्वर्गीय लेखराम जी छीपा की पुण्यतिथि के अवसर पर साहवा बाईपास रोड, माँ भद्रकाली मंदिर के सामने स्थित शुभम सर्जिकल एंड जनरल हॉस्पिटल में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। अमर शहीद की शहादत दिवस पर आयोजित इस मानव सेवा कार्य की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पत्रकार मोहर सिंह ने बताया कि आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया था। शुभम हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रणवीर सिंह छिम्पा ने कहा कि अमर शहीद लेखराम जी की स्मृति में मानव सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने शिविर में पधारे सभी डॉक्टरों, गणमान्य नागरिकों और रक्तदाताओं का सहृदय आभार व्यक्त करते हुए कहा, “रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे सशक्त माध्यम है। आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बहुत बड़ी राहत बन सकता है।”
65 यूनिट रक्त का हुआ संग्रहण
शिविर के दौरान ‘मोनालिसा ब्लड सेंटर, नोहर’ की टीम द्वारा कुल 65 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्तदाताओं के उत्साह ने इस आयोजन को बेहद खास बना दिया।
विशिष्ट जनों और चिकित्सकों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर चिकित्सा जगत व शहर की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। शिविर में पीएमओ डॉ. हंसराज शर्मा, डॉ. सुनील गोदारा, डॉ. गोपाल गोदारा, डॉ. विनोद मूंड, डॉ. शंकरलाल जांगिड़, डॉ. जयपाल छिम्पा, डॉ. संदीप महला, डॉ. सुरेंद्र शर्मा, डॉ. सचित मनोपति, डॉ. राजेश यादव और डॉ. वकील स्वामी उपस्थित रहे।इसके अलावा दवा विक्रेता संघ नोहर के अध्यक्ष रफीक चौहान, बजरंग स्वामी, शंकरलाल तिवाड़ी, प्रताप सिंवर, हरि मित्रुका तथा महंत राघवानंद रामसहाय सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
“रक्त की हर एक बूंद में बसी है जिंदगी की एक आस,
आइए रक्तदान करें और किसी की जिंदगी में भर दें विश्वास।”
एक अपील: सृष्टि चक्र की ओर से इस पुनीत पहल से जुड़े सभी आयोजकों, चिकित्सकों, सहयोगियों और निस्वार्थ भाव से रक्तदान करने वाले वीरों को साधुवाद! यदि आप स्वस्थ हैं और रक्तदान के योग्य हैं, तो आगे आएं और मानव सेवा के इस महायज्ञ में अपना योगदान दें।












Leave a Reply