आर. के. जोशी
भूकरका (नोहर)। राजस्थान शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 70वीं जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता (14 वर्षीय छात्र वर्ग) में भाग लेने जा रहे डी.एन. पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय, भूकरका के खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गाँव के समाजसेवी विकास कुमार मेव ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बाल खिलाड़ियों को जर्सियां वितरित की। जर्सी वितरण कार्यक्रम में विद्यालय निदेशक सोहन सिंह, व्यवस्थापक जयलाल शर्मा, शारीरिक शिक्षक राजेश सुथार तथा प्रेरक निर्मल सिंह, जसवीन्द्र सिंह व ताराचंद सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। अतिथियों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना और लगन के साथ मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया।
खेल व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता का माध्यम: विकास मेव
समाजसेवी विकास कुमार मेव ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बच्चों से खेल और पढ़ाई दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय व गाँव का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच: मोहन लाल सुथार
कार्यक्रम में उपस्थित मोहन लाल सुथार ने अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों का जिला स्तर पर पहुँचना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। ऐसे मंच खिलाड़ियों को भविष्य की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करते हैं।
प्रधानाचार्य ने व्यक्त किया आभार
विद्यालय के प्रधानाचार्य वेद प्रकाश सुथार ने विद्यार्थियों की मेहनत और खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से खिलाड़ियों को जर्सियां भेंट करने पर समाजसेवी विकास कुमार मेव का आभार जताया। कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य ने आए हुए सभी अतिथियों व सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा फुटबॉल टीम को प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।












Leave a Reply