राज्यपाल ने सतपाल महाराज के जन्मोत्सव में लिया हिस्सा
अमित कुमार
हरिद्वार। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सोमवार को हरिद्वार में मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से आयोजित कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। राज्यपाल ने सतपाल महाराज को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा के लिए ऊर्जा एवं सामर्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से सतपाल महाराज ने देश-विदेश में मानव धर्म, आत्मज्ञान, सद्भावना, प्रेम और सेवा का संदेश पहुंचाया है। उनका आध्यात्मिक जीवन मानवता की सेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज ने सार्वजनिक जीवन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए उत्तराखंड की सेवा की है। उनके जीवन में अध्यात्म, सेवा और राष्ट्रसेवा का समन्वय विशेष रूप से दिखाई देता है।
राज्यपाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ आज पूरी मानवता के लिए पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। मानव धर्म, सद्भावना और सर्वधर्म समभाव की भावना को मजबूत करते हुए समाज को एकता और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कामना की कि सतपाल महाराज की आध्यात्मिक साधना, मानव सेवा और जनसेवा की यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहे। उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज तथा युवा पीढ़ी को सेवा, सद्भाव और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के लिए प्रेरित करता रहे।












Leave a Reply