सड़कें जल्द होंगी गड्ढामुक्त, खोदी सड़कों की होगी मरम्मत; फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण, अव्यवस्थित केबल तारों पर भी कार्रवाई के निर्देश
अमित कुमार
हरिद्वार। शहर की बदहाल सड़कों, अतिक्रमण, झूलते केबल तारों और जगह-जगह खुदी सड़कों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को डाम कोठी में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रमुख मार्गों के साथ ही संपर्क मार्गों को अभियान चलाकर गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत शुरू कराने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने को कहा। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।
फुटपाथ पर कब्जा तो होगी कार्रवाई
शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए प्रमुख चौराहों, बाजारों और अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को नगर निगम, पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने दो टूक कहा कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए हैं, उन पर अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
झूलते केबल तारों पर भी शिकंजा
शहर में विद्युत पोलों पर बेतरतीब ढंग से लटक रहे केबल तारों को लेकर भी डीएम ने सख्ती दिखाई। केबल ऑपरेटरों और संबंधित अधिकारियों को अव्यवस्थित, झूलते तथा अनुपयोगी तार तत्काल हटाने और शेष तारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। इससे दुर्घटनाओं का खतरा कम होने के साथ शहर की सुंदरता भी बेहतर होगी।
सीवर-पेयजल के नाम पर खोदी सड़कें होंगी दुरुस्त
सीवरेज निर्माण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि जहां सीवर लाइन डालने या मरम्मत के लिए सड़कें खोदी गई हैं, वहां काम शीघ्र पूरा कर सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए। क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की तत्काल मरम्मत तथा रिसाव और पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को भी कहा।
झूलते बिजली तार और ट्रांसफार्मर के आसपास सफाई
विद्युत विभाग को झूलते तारों को दुरुस्त करने के साथ ट्रांसफार्मरों के आसपास उगी झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने चौराहों और सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ी-ठेली व फड़ को अवैध विद्युत कनेक्शन दिए जाने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं अवैध कनेक्शन दिए गए हैं तो निरीक्षण कर उन्हें तत्काल हटाया जाए।
लापरवाही पर तय होगी जवाबदेही
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जनहित से जुड़े कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की प्रगति की समय-समय पर समीक्षा होगी और लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, परियोजना प्रबंधक नमामि गंगे मीनाक्षी मित्तल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश मेहरा, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान, केबल ऑपरेटर तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










Leave a Reply