कुंभ कार्यों में देरी और घटिया काम पर होगी कार्रवाई

Spread the love

मेलाधिकारी सोनिका ने कसा शिकंजा, पेयजल-सीवर-केबलिंग से खोदी सड़कें तत्काल होंगी दुरुस्त

ए. गुप्ता

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता दोनों पर निगरानी बढ़ा दी है। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने आज निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि हर स्वीकृत कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा हो और गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता में कमी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। समीक्षा बैठक में सड़कों, पुलों, घाटों के निर्माण एवं अनुरक्षण सहित विभिन्न अवस्थापना विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में होने वाले निर्माण कार्यों का सीधा उद्देश्य श्रद्धालुओं और आमजन को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्यों को गति दें और हर चरण में गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करें।

खोदी सड़कें तत्काल होंगी बहाल

पेयजल, सीवर लाइन और भूमिगत केबलिंग के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर मेलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल सड़कों की समुचित मरम्मत कराने को कहा। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरम्मत के बाद सड़क दोबारा न धंसे। उन्होंने अधिकारियों से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता का लिखित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने को भी कहा। मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण से पहले पाइपलाइन, सीवर और केबलिंग से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि नई बनी सड़कों को दोबारा खोदने की नौबत न आए।

कुंभ तक नए सीवर कार्यों पर रोक

मेलाधिकारी ने हरिद्वार में कुंभ मेला संपन्न होने तक सीवरेज योजना से जुड़े नए कार्य शुरू नहीं करने के निर्देश दिए। चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और वर्षाकाल के कारण रोके गए सीवरेज कार्यों को जल्द पूरा करने तथा उनसे क्षतिग्रस्त सड़कों को गुणवत्ता के साथ बहाल करने को कहा। उन्होंने अग्निशमन व्यवस्था मजबूत करने के लिए फायर हाइड्रेंट की स्थापना एवं मरम्मत से जुड़े कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

सप्तऋषि में जलभराव पर तत्काल कार्रवाई

सप्तऋषि क्षेत्र में सड़क सुधार, सीवर लाइन से जुड़ी समस्याओं और सड़कों पर जमा होने वाले पानी की निकासी की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा, सुविधा और दिशा-निर्देशन के लिए आवश्यक रोड फर्नीचर लगाने को भी कहा गया।

15 दिसंबर तक बस अड्डे-पार्किंग की व्यवस्थाएं

मेलाधिकारी ने रुड़की और मंगलौर बस अड्डों के सुदृढ़ीकरण कार्यों में तेजी लाने के साथ अस्थायी बस अड्डों और पार्किंग से जुड़ी व्यवस्थाएं 15 दिसंबर तक पूरी करने के निर्देश दिए।

मेला शिविरों के लिए निर्धारित भूमि की ड्रेसिंग और लेवलिंग की कार्ययोजना पर भी चर्चा कर कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा।

स्वच्छता उपकरणों की होगी गुणवत्ता जांच

स्वच्छता और सैनिटेशन व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान नगर निगम के लिए स्वीकृत उपकरणों एवं वाहनों की आपूर्ति के बाद उनकी गुणवत्ता की विशेषज्ञ विभागों से जांच कराने के निर्देश दिए गए। मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाला प्रत्येक उपकरण निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरना चाहिए।बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, परियोजना प्रबंधक पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन गुप्ता, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *