47 बटालियन सीआरपीएफ के जवानों ने की साफ-सफाई, पिंडदानियों को स्वच्छता का संदेश
पी. के. गुप्ता
गयाजी। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला को लेकर 47 बटालियन सीआरपीएफ की ओर से सीताकुंड परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कमांडेंट अवधेश कुमार के निर्देशन में द्वितीय कमान अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह और डिप्टी कमांडेंट पंकज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने सीताकुंड और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की। अभियान के दौरान जवानों ने श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों और परिसर की सफाई करने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
पितृपक्ष मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पिंडदानी और श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं, ऐसे में धार्मिक स्थलों की स्वच्छता को लेकर सीआरपीएफ ने लोगों से सहयोग की अपील की। द्वितीय कमान अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि सीताकुंड पितृपक्ष मेले का महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। स्थानीय लोगों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें। अभियान के माध्यम से सीआरपीएफ जवानों ने स्वच्छ तीर्थ, स्वच्छ परिसर और स्वच्छ गयाजी का संदेश भी दिया।











Leave a Reply