भाविप अमित कुमार
हरिद्वार। पितरों के स्मरण और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जोड़ते हुए भारत विकास परिषद की मायापुरी शाखा ने आज महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत विकास परिषद की मायापुरी शाखा ने मायापुर स्थित डॉ. हरिराम इंटर कॉलेज के क्रीड़ा मैदान में पौधरोपण अभियान चलाया।
परिषद के देशव्यापी वृक्षारोपण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्टाफ ने पौधरोपण किया। मुख्य अतिथि परिषद के प्रांतीय संयोजक प्रचार-प्रसार कुशल पाल सिंह चौहान ने कहा कि पितृपक्ष में पौधरोपण को आध्यात्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के माध्यम से पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मायापुरी शाखा के अध्यक्ष कैप्टन (सेवानिवृत्त) विपिन जोशी ने कहा कि शिवपुराण सहित विभिन्न धार्मिक ग्रंथों में पितृपक्ष के दौरान पौधरोपण के महत्व का उल्लेख मिलता है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि विद्यालय परिसर में पौधरोपण से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों और समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस दौरान बेल, नीम, आम और जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। परिषद पदाधिकारियों और विद्यालय स्टाफ ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम में मायापुरी शाखा के संयोजक पर्यावरण मनु गुप्ता, संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह राणा, अतुल चौहान, अमित कुमार तथा विद्यालय के सरीन कुमार, राजीव कौशिक, नीरज कुमार, संजय चौहान, प्रेम बल्लभ उप्रेती, यज्ञराज भट्ट और आशीष राठौर आदि मौजूद रहे।










Leave a Reply