मंत्री रेखा आर्या की शिकायत से सियासी भूचाल, पति पर गंभीर आरोप

Spread the love

पहली शादी छिपाने, मारपीट, धमकी और जातिसूचक अपमान का आरोप; कैंट थाने में मुकदमा दर्ज

ऑडियो रिकॉर्डिंग में हत्या की साजिश का दावा, बच्चों की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

ए. गुप्ता

देहरादून। उत्तराखंड की धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ पुलिस शिकायत से प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई है। मंत्री ने पति पर पहली शादी छिपाकर विवाह करने, अन्य महिलाओं से संबंध रखने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सरकारी आवास पर अपमान का आरोप

पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, रेखा आर्या ने छह जुलाई 2004 को बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू से विवाह किया था। उनका आरोप है कि विवाह के समय पति ने खुद को अविवाहित बताया, जबकि बाद में उनके पहले से विवाहित होने और बच्चे होने की जानकारी मिली। मंत्री ने आरोप लगाया कि पति के अन्य महिलाओं से संबंधों का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकियां दी गईं। सरकारी आवास में स्टाफ के सामने जातिसूचक अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया गया है।

फर्जी दस्तावेज और हत्या की साजिश का दावा

रेखा आर्या ने संबंधित कंपनियों में निदेशक पद से हटाने के लिए कथित फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेज इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्होंने कोई त्यागपत्र नहीं दिया। मंत्री ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए पति पर बातचीत के दौरान उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसपी सिटी शेखर सुयाल के अनुसार, शिकायत के आधार पर गिरधारी लाल साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *