हितधारकों ने दिए अहम सुझाव, मेलाधिकारी सोनिका ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों का दिया भरोसा
कुंभ के लोगो, गीत और वेबसाइट का प्रस्तुतिकरण; जनसहभागिता और बेहतर समन्वय पर जोर
अमित कुमार
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने हितधारकों के साथ मंथन किया। गुरुवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में आयोजित परामर्शदात्री समिति की बैठक में यातायात प्रबंधन, पार्किंग, घाटों की सुरक्षा, स्वच्छता, चिकित्सा सेवाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने तैयारियों की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो, गीत और वेबसाइट का प्रस्तुतिकरण भी किया गया।
अधिकारियों ने तैयारियों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को कुंभ से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं, उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी मिल सकेगी।
समयसीमा और गुणवत्ता से समझौता नहीं: सोनिका
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे विशाल आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों, स्थानीय निकायों, धार्मिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूरा करने के साथ निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, नियमित निगरानी और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन मेला प्रशासन की प्राथमिकता है। समिति की बैठक में प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पार्किंग, यातायात और घाटों की सुरक्षा पर सुझाव
बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पर्याप्त पार्किंग विकसित करने, घाटों की सुरक्षा मजबूत करने, चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के सुझाव दिए। स्थानीय नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने तथा विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के साथ उनकी गुणवत्ता बनाए रखना जरूरी है। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं की पहले से तैयारी और प्रभावी क्रियान्वयन आयोजन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण होगा।
सड़कों, घाटों और बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार
मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास और विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इनमें सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, घाटों का विकास, पैदल मार्गों में सुधार, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता और पार्किंग स्थलों का विकास शामिल है। श्रद्धालुओं को रास्तों और प्रमुख स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संकेतक बोर्ड, सूचना केंद्र और डिजिटल सूचना प्रणालियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। मेले के दौरान अस्थायी आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, सहायता केंद्र, विश्राम स्थल और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने तथा अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए नियमानुसार कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताई तैयारियों की प्रगति
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कुंभ मेला-2027 से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति प्रस्तुत की। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने तैयारियों और प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी दी। बैठक में हरिद्वार की महापौर किरण जैसल, ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, मुनिकीरेती नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, श्री गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, भारत माता मंदिर के स्वामी ललितानंद, भारत साधु समाज के स्वामी शिवानंद, निरंजनी अखाड़े के महंत राज गिरि, विभिन्न आश्रमों के प्रतिनिधि महंत विष्णु दास, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव नैयर एवं जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, धर्मशाला समिति के अध्यक्ष महेश गौड़ एवं महामंत्री विकास तिवारी, प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विशाल गर्ग एवं शहर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि महंत अनिल गिरि तथा उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।










Leave a Reply