नोहर में एडीआरएम राजेन्द्र सिंह चौधरी का स्वागत, रेल सुविधाओं के विस्तार की उठाई मांग

Spread the love

नोहर में एडीआरएम राजेन्द्र सिंह चौधरी का स्वागत, रेल सुविधाओं के विस्तार की उठाई मांग

समय-सारिणी में सुधार, आरपीएफ चौकी की स्थापना और बीकानेर-जयपुर-दिल्ली के लिए नई ट्रेनों की मांग

पुलिस थाने के पास अंडरब्रिज की समस्या भी उठाई, एडीआरएम ने समाधान के लिए प्रयास का दिया आश्वासन

आर. के. जोशी

नोहर। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के एडीआरएम राजेन्द्र सिंह चौधरी ने नोहर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन एवं नोहर रेल विकास संघ के संयुक्त तत्वावधान में रेल विकास संघ कार्यालय में उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान क्षेत्र की रेल समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए ट्रेनों की समय-सारिणी में सुधार, आरपीएफ चौकी की स्थापना और नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग रखी गई। कार्यक्रम में रेल विकास संघ के सदस्यों ने एडीआरएम चौधरी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। संघ के अध्यक्ष राजकुमार जोशी एवं वरिष्ठ पत्रकार मोहर सिंह ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और छायाचित्र भेंट कर सम्मानित किया।

रेलखंड की समस्याओं के समाधान की जगी उम्मीद

नोहर रेल विकास संघ के अध्यक्ष राजकुमार जोशी ने स्वागत भाषण में कहा कि राजेन्द्र सिंह चौधरी के एडीआरएम पद पर आने से क्षेत्र के रेल यात्रियों को समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़-सादुलपुर रेलखंड पर लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रभावी पहल की आवश्यकता है। नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन श्रीराम व्यास ने रेलखंड से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को एडीआरएम के समक्ष रखा। उन्होंने ट्रेनों की समय-सारिणी में सुधार, रेलवे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नोहर में आरपीएफ चौकी स्थापित करने तथा बीकानेर, जयपुर और दिल्ली के लिए नई ट्रेनों का संचालन शुरू करने की मांग उठाई।

अंडरब्रिज की समस्या भी उठाई

वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप शर्मा एवं मनोज कौशिक ने स्थानीय पुलिस थाने के पास स्थित रेलवे अंडरब्रिज की स्थिति की ओर एडीआरएम का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने अंडरब्रिज से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की आवश्यकता जताई, ताकि आमजन को आवागमन में राहत मिल सके। एडीआरएम राजेन्द्र सिंह चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से रखी गई मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान के लिए अपने स्तर से पूरा प्रयास करेंगे।

ठोस कार्रवाई की प्रतीक्षा में रेल यात्री

हनुमानगढ़ जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन एवं नोहर रेल विकास संघ के पदाधिकारियों और क्षेत्र के रेल यात्रियों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई करेगा। यात्रियों का कहना है कि समय पर ट्रेनों का संचालन, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, नई रेल सेवाएं और बुनियादी सुविधाओं में सुधार क्षेत्र की प्रमुख जरूरतें हैं। अब इन मांगों पर रेलवे प्रशासन की पहल का इंतजार है। कार्यक्रम में प्रदीप शर्मा, श्रीराम व्यास, बसंत तिवाड़ी, मनोज कौशिक, मोहर सिंह, राजकुमार जोशी, कन्हैया कंदोई, सतीश चंद्र सोनी, रमेश कुमार सोनी, नरेंद्र सोनी, सुमेर सिंह, अवतार सिंह, मोनालिसा, लाभूराम जोशी, मुन्नालाल जोशी, सीताराम व्यास, सुरेश व्यास, नोहर रेलवे स्टेशन अधीक्षक राजेराम, वाणिज्य अधीक्षक सुशील आचार्य, खिनानिया स्टेशन मास्टर अनिल कुमार, पंकज जोशी, भैरव करवा और साजिद भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *