जनगणना-2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डिजिटल प्रक्रिया से जुटेंगे आंकड़े

Spread the love

हरिद्वार में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने सटीक आंकड़ों और नियमित निगरानी पर दिया जोर

अमित कुमार

हरिद्वार। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों के तहत हरिद्वार के विकास भवन सभागार में 12 से 14 अक्टूबर तक फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल फोन के जरिए आंकड़े एकत्र करेंगे, जबकि कार्य की निगरानी के लिए सीएमएमएस (CMMS) पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय की निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके आंकड़े देश की विकास योजनाओं, नीतियों और भविष्य की आवश्यकताओं के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार हैं। इसलिए जनगणना कार्य से जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता, पारदर्शिता और तत्परता के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रक्रिया में आंकड़ों की शुद्धता और समयबद्ध संकलन बेहद महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करें और जनगणना से जुड़ी तैयारियां समय से पूरी करें। उन्होंने फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को समुचित प्रशिक्षण और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ कार्य की नियमित निगरानी तथा संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

समयबद्ध और पारदर्शी कार्य का भरोसा

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने निदेशक को आश्वस्त किया कि प्रशिक्षण के दौरान दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्रशिक्षण से लेकर जमीनी स्तर पर कार्य संचालन और निगरानी तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि निर्धारित समयसीमा में जनगणना का कार्य सटीकता और पारदर्शिता के साथ पूरा हो सके। प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर्स आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जनसंख्या गणना का कार्य नवंबर 2026 से प्रस्तावित है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर मोहम्मद मुस्तफा खान, अपर सांख्यिकी अधिकारी एवं जनगणना प्रभारी उत्तम सिंह, अपर सांख्यिकी अधिकारी मीना नेगी, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 अमीर आलम, नीरज कुमार और शिवम कुमार सहित जनगणना कार्य निदेशालय, देहरादून के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *