सुल्तानपुर में बहुद्देशीय शिविर, 220 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

Spread the love

250 नागरिकों ने उठाया शिविर का फायदा, 20 शिकायतें मिलीं; 14 का मौके पर निस्तारण

25 विभागों ने लगाए स्टॉल, राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने अधिकारियों को दिए समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

अमित कुमार

हरिद्वार। सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज नगर पंचायत सुल्तानपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 250 नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 220 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि प्राप्त 20 शिकायतों में से 14 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: जमदग्नि

शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बहुद्देशीय शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनने के साथ उनका समाधान किया जा रहा है और पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।   राज्य मंत्री ने कहा कि आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतें।

20 में से 14 शिकायतों का मौके पर समाधान

शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष छह शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया। शिविर में 220 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला ने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों के अनुरूप संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया प्रतिभाग

शिविर में पूर्व विधायक संजय गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि बाबू ताहिर हसन, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी प्रियंका ध्यानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *