लेखक गांव में पर्यावरण प्रहरियों का सम्मान
अमित कुमार
देहरादून। देश के पहले लेखक गांव में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पर्यावरण प्रेमियों, पर्यावरण योद्धाओं और स्वच्छता मित्रों को ‘पर्यावरण प्रहरी सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सनराइज अकादमी, माउंटेन वेलफेयर सोसाइटी, कुसुम कांता फाउंडेशन, स्पेक्स और हिम फाउंडेशन, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में शामिल है। प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण और स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समाज के अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करते हैं। लेखक गांव की निदेशक विदुषी ‘निशंक’ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। निस्वार्थ भाव से काम कर रहे पर्यावरण प्रहरियों का सम्मान उनके योगदान को पहचान देने के साथ ही समाज को जागरूक करने का माध्यम भी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा और हिमालयी पर्यावरण से है। पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। प्रकृति संरक्षण के छोटे-छोटे प्रयास भी आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होते हैं। पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा ने कहा कि जमीनी स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य कर रहे लोगों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने लेखक गांव की तर्ज पर किसान गांव विकसित करने की दिशा में कार्य करने की इच्छा जताई, ताकि किसानों, कृषि और ग्रामीण जीवन से जुड़े प्रयासों को व्यापक मंच मिल सके।
तीन श्रेणियों में सम्मान
पर्यावरणविद् श्रेणी में नवीन कुमार सडाना, संजय बहुगुणा, सुषमा बहुगुणा, प्रेम सिंह और अमन गोयल को सम्मानित किया गया। पर्यावरण योद्धा श्रेणी में सचिन रावत, सिद्धार्थ सजवाण, चंद्र प्रकाश तिवारी, तानिया सिधवाल, गुरजीत सिंह, सुरेंद्र, नीरज, तपस, अमित और जगदीश को सम्मान प्रदान किया गया। वहीं स्वच्छता मित्र श्रेणी में दीपांशु, राहुल, सौरभ, मोहित, रूपेश, जयदान, सचिन, सतीश, विनीत, रोहित, राहुल, शुभम, अंजना देवी, सुमित्रा देवी, आशा देवी, अरुणा देवी, सरिता श्यामलाल, जय प्रकाश, राजेश कुमार, अजीत रावत, मयंक, सुरजीत, अरुण, अभिषेक और कृष्ण को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने सम्मानित प्रतिभागियों के पर्यावरण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस दौरान ‘स्वच्छ भारत है एक बड़ा अभियान, सब मिलकर करें अपना योगदान’ का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का संचालन मोनिका शर्मा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन सनराइज अकादमी की प्रबंध निदेशक डॉ. पूजा पोखरियाल ने किया। इस अवसर पर डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, डॉ. अनिल शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।










Leave a Reply