भाजपा प्रवक्ता ने प्रेस वार्ता में कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
अमित कुमार
हरिद्वार। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध के नाम पर परिवार, आस्था और सनातन परंपराओं को राजनीति में घसीटने का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब दिवंगत परिजनों और धार्मिक आस्थाओं पर टिप्पणी तक पहुंच गई है। नवीन ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर भी अभद्र टिप्पणियां की गईं और अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वर्गीय पिता के श्राद्ध को लेकर टिप्पणी की गई है। उन्होंने कहा कि श्राद्ध पूर्वजों के स्मरण और तर्पण का पवित्र संस्कार है तथा इस तरह की टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी एक ओर मोहब्बत की राजनीति की बात करती है, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं और उनके परिवारों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप सामने आता है। उन्होंने सेना से जुड़े मामलों को भी राजनीतिक बयानबाजी में शामिल किए जाने का आरोप लगाया।ठाकुर ने वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक नेता द्वारा तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को लेकर की गई कथित टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि के वीर सपूतों के प्रति इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए गलत बयानबाजी कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन परिवार, दिवंगत व्यक्तियों और धार्मिक आस्थाओं को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विकास तिवारी, धर्मेंद्र चौहान, डॉ. विशाल गर्ग, विनीत जोली और राहुल चौहान सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।










Leave a Reply