डीएम मयूर दीक्षित ने खुद संभाली कमान, चंडी चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क व डामरीकरण तेज करने के निर्देश
एस. गुप्ता
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद की सड़कों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को खुद धरातल पर उतरे। उन्होंने अधिकारियों के साथ चंडी चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप समेत विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क मरम्मत, डामरीकरण और पेंचवर्क कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चिन्हित स्थानों पर डामरीकरण एवं पेंचवर्क का कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए।
जहां कार्य धीमा है, वहां श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाने को कहा।
चंडी पुल और आयरिश पुल का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चंडी पुल के मरम्मत कार्य की जानकारी ली और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन अधिक समय तक प्रभावित न हो। इसके बाद उन्होंने आयरिश पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराने को कहा। दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। कार्यदायी संस्था को आवश्यक समन्वय के साथ काम में तेजी लाने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कुंभ कार्यों में भी तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे कुंभ मेला संबंधी निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा और मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क प्राथमिकता पर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक सड़क के पेंचवर्क और डामरीकरण को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में पेंटिंग और वॉल पेंटिंग कराने के साथ खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने को भी कहा। डीएम ने कहा कि सड़क मरम्मत के साथ प्रकाश व्यवस्था और सड़क किनारे के क्षेत्रों की स्थिति में भी सुधार किया जाना जरूरी है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सड़क मरम्मत समेत अन्य कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, डिप्टी मैनेजर एनएच प्रज्वल चौहान, कॉन्ट्रैक्टर अमित जैन, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।










Leave a Reply