कुंभ में 13,865 टॉयलेट और 4,840 डस्टबिन
दिसंबर से सफाई कर्मियों की तैनाती, ऑनलाइन होगी निगरानी
अमित कुमार
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच सफाई और सेनिटेशन व्यवस्था को लेकर शासन ने अभी से कमर कस ली है। कुंभ क्षेत्र के 32 सेक्टरों में 13,865 टॉयलेट सीट, 8,065 एफआरपी मूत्रालय और 4,840 डस्टबिन स्थापित करने की तैयारी है। सफाई व्यवस्था के लिए 493 वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि सीवरेज निस्तारण के लिए छह एफएसटीपी और सेक्टर एमटीएफ की व्यवस्था प्रस्तावित है। शहरी विकास विभाग के सचिव नितेश कुमार झा ने आज मेला नियंत्रण भवन में कुंभ क्षेत्र के नगर निकायों, जिला पंचायतों और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर एकीकृत सेनिटेशन कार्ययोजना की समीक्षा की।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों और निकायों को अपनी विस्तृत कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर अंतिम रूप देकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सचिव ने कहा कि कुंभ की सफाई व्यवस्था केवल मेला अवधि तक सीमित न रहे। कार्ययोजना में कुंभ से पहले, कुंभ के दौरान और कुंभ के बाद की व्यवस्थाओं को स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए। मानव संसाधन, वाहन, उपकरण, सामग्री और अन्य संसाधनों की उपलब्धता समय से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
ऑनलाइन डैशबोर्ड से होगी निगरानी
सफाई और सेनिटेशन व्यवस्था की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए शहरी विकास विभाग के डैशबोर्ड पर कुंभ क्षेत्र के सभी नगर निकायों और जिला पंचायतों को मैप किया जाएगा। इससे विभिन्न क्षेत्रों में चल रही तैयारियों और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी संभव होगी। सचिव ने दिसंबर की शुरुआत से ही आवश्यक संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए। कर्मियों को मक्खी-मच्छर नियंत्रण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों, उपकरणों के संचालन और सुरक्षा संबंधी उपायों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
नंदन कुमार को समन्वय की जिम्मेदारी
एकीकृत सेनिटेशन योजना के क्रियान्वयन और विभागों के बीच समन्वय के लिए नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार को समन्वय अधिकारी बनाया गया है।
सभी संबंधित विभाग और निकाय अपनी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उन्हें उपलब्ध कराएंगे। बैठक में ऋषिकेश और रुड़की नगर निगम, शिवालिक नगर पालिका, मुनिकीरेती और स्वर्गाश्रम समेत कुंभ क्षेत्र से जुड़े निकायों की तैयारियों की समीक्षा की गई। कुंभ नगरी की ओर आने वाले मार्गों, ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के निकायों में भी पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद सचिव ने सर्वानंद घाट से लगी मेला भूमि का निरीक्षण कर प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।










Leave a Reply