ब्लिंकिट वेयरहाउस में कुट्टू आटा-पनीर की जांच, अभिलेख नहीं मिलने पर नोटिस; होटल में एक्सपायरी खाद्य सामग्री पर चालानी कार्रवाई
अमित कुमार
हरिद्वार। आगामी नवरात्रि पर्व और यात्रा सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को विभाग की टीम ने नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण करते हुए कुल छह विधिक नमूने जांच के लिए लिए। अभियान के दौरान कनखल स्थित ब्लिंकिट के वेयरहाउस में कुट्टू का आटा और पनीर के नमूने लिए गए, जबकि जगजीतपुर स्थित होटल में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर चालानी कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
ब्लिंकिट वेयरहाउस में चार नमूने
कनखल स्थित ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर कुट्टू के आटे के दो और पनीर के दो, कुल चार विधिक नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान स्टोर प्रबंधन द्वारा कार्मिकों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट, चूहों की रोकथाम के प्रावधान और एफएसएमएस प्लान से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत स्टोर को नोटिस जारी किया गया।
होटल की रसोई में मिली एक्सपायरी सामग्री
इसके बाद टीम ने जगजीतपुर, कनखल स्थित होटल सुकून बाय द गंगेज का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। होटल का संचालन परफेक्ट स्टेज होटल्स एंड रिजॉर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
यहां आटा और चावल सहित दो विधिक नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान होटल की रसोई में खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही कुछ एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली। इस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत होटल के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। होटल प्रबंधन भी कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट, पेयजल जांच रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों की जांच संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने संबंधित दस्तावेज एक सप्ताह के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अभियान के दौरान लिए गए सभी छह विधिक नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नवरात्रि पर्व और यात्रा सीजन को देखते हुए मिलावट, घटिया गुणवत्ता और एक्सपायरी खाद्य सामग्री के इस्तेमाल के खिलाफ निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा।










Leave a Reply