संयुक्त कार्रवाई में पल्सर बाइक, दो मोबाइल और नकदी बरामद; नेपाल से चरस लाकर खपाने की आशंका, पुलिस की जांच जारी
पी. के. गुप्ता
भिनगा। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 6 किलो 820 ग्राम चरस, एक पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,640 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। SSB की 62वीं वाहिनी और सिरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने विश्वसनीय आसूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की रात SSB की 62वीं वाहिनी, भिनगा की ‘डी’ समवाय, सुईया और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के दिशा-निर्देशन में निरीक्षक रिंगजिन नामग्याल के नेतृत्व में गठित SSB की नाका पार्टी ने सिरसिया पुलिस के साथ भचकाही नाका रोड पर तालभगौड़ा मोड़ से करीब 100 मीटर आगे आम के पेड़ के पास तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से चरस समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
नेपाल से चरस मिलने का दावा, तस्करी के नेटवर्क की जांच
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि नेपाल के एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें चरस उपलब्ध कराई थी। हालांकि, मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले व्यक्ति और तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर जांच की जा रही है। बरामदगी के बाद आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
SSB और पुलिस की संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
संयुक्त अभियान में पुलिस की ओर से उप निरीक्षक वीरपाल सिंह तोमर और मुख्य आरक्षी भगवानदास शामिल रहे। वहीं, SSB की ओर से निरीक्षक रिंगजिन नामग्याल, मुख्य आरक्षी वाई.एस. रेड्डी, मुख्य आरक्षी पलानी आर., आरक्षी बोटला नरेंद्र, आरक्षी तेज प्रकाश कुमार और आरक्षी सुप्रीत यश ने कार्रवाई में हिस्सा लिया।
सीमा पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने सीमा पर तैनात जवानों को मादक पदार्थों की तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आसूचना तंत्र को मजबूत रखने तथा सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता और निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया। बरामद चरस और अन्य सामान को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है। SSB ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।










Leave a Reply