उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी

Spread the love

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी का हरिद्वार में जोरदार स्वागत; कांग्रेस से गठबंधन पर बोले—अंतिम फैसला अखिलेश यादव करेंगे

अमित कुमार

हरिद्वार। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सियासी सक्रियता बढ़ाने के संकेत दिए हैं। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी ने ऐलान किया कि सपा प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी गठित कर पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। आज हरिद्वार पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष का ललतारौ पुल स्थित जिला कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में सिद्दकी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उनका लक्ष्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के संगठन का विस्तार करना और उसे मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में खड़ा करना है।

भाजपा सरकारों से जनता निराश : सिद्दकी

प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र और उत्तराखंड की भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारों की कार्यप्रणाली से जनता निराश और परेशान है। उन्होंने दावा किया कि लोग बदलाव के लिए तैयार हैं। सपा जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती से अपनी दावेदारी पेश करेगी।

गठबंधन पर फैसला अखिलेश यादव करेंगे

कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर सिद्दकी ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। फिलहाल पार्टी सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटेगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर भी घेरा

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर सपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त को बचाने का प्रयास कर रही है और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष और जनता अपने मुद्दों से पीछे हटने वाली नहीं है।

मुलायम सिंह यादव के योगदान को किया याद

सिद्दकी ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने आम जनता के हितों तथा सैनिकों के सम्मान के लिए अनेक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हीं जनहितकारी विचारों और नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इनकी रही मौजूदगी

स्वागत करने वालों में प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी, डॉ. राजेंद्र पाराशर, मशकूर कुरैशी, जिलाध्यक्ष साजिद अंसारी, आशीष यादव, लव कुमार दत्ता, नसीर अहमद, नरेंद्र गुज्जर, नईम अब्बासी, अभिषेक मिश्रा, तंजीत कुरैशी, बुंदु हसन, इस्लाम, रिजवान और राशिद राणा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *