धामी ने किया तीनों का लोकार्पण, गंगा-हर की पैड़ी और सनातन परंपरा के प्रतीकों से सजा आधिकारिक लोगो
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आस्था का संदेश, मधु शर्मा के डिजाइन को मिली आधिकारिक पहचान
अमित कुमार
हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों को नई पहचान देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कुंभ के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। आस्था, अध्यात्म और आधुनिक तकनीक के संगम के रूप में तैयार इन तीनों माध्यमों के जरिए कुंभ की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की पहल की गई है। सरकार का लक्ष्य कुंभ की पहचान को व्यापक बनाने के साथ श्रद्धालुओं तक आयोजन से जुड़ी प्रामाणिक सूचनाएं डिजिटल माध्यम से पहुंचाना है।।मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के दिव्य और भव्य आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगो, वेबसाइट और गीत कुंभ की विशिष्ट पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के साथ लोगों को आयोजन से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगे।
गंगा, हर की पैड़ी और शिव प्रतीकों से सजा लोगो
हरिद्वार कुंभ-2027 का आधिकारिक लोगो शहर की धार्मिक पहचान और सनातन परंपरा का प्रतीकात्मक चित्रण करता है। इसमें मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय की दिव्य छटा के साथ शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को स्थान दिया गया है। लोगो के जरिए हरिद्वार की आध्यात्मिक महत्ता और कुंभ की सांस्कृतिक विरासत को एक पहचान में पिरोने का प्रयास किया गया है। इसका इस्तेमाल कुंभ से जुड़ी प्रचार सामग्री, प्रकाशनों और डिजिटल मंचों पर किया जाएगा, जिससे आयोजन की दृश्य पहचान एकरूपता के साथ सामने आएगी।
सैकड़ों डिजाइनों में मधु शर्मा की प्रविष्टि चयनित
कुंभ के आधिकारिक लोगो के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने 13 श्रेष्ठ और मौलिक डिजाइनों पर विचार किया। इनमें हरिद्वार के जगजीतपुर स्थित विकास कॉलोनी निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ-2027 का आधिकारिक लोगो तैयार किया गया।
वेबसाइट पर मिलेगी कुंभ की प्रामाणिक जानकारी
कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in के माध्यम से श्रद्धालु, पर्यटक और आमजन आयोजन से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। डिजिटल मंच के जरिए कुंभ संबंधी सूचनाओं को व्यवस्थित तरीके से प्रसारित करने और देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालुओं तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। वेबसाइट कुंभ की तैयारियों और आयोजन से संबंधित जानकारी के प्रसार का माध्यम बनेगी। इससे हरिद्वार की धार्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने के प्रयासों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत से गूंजेगा आस्था का उल्लास
लोकार्पण समारोह में कुंभ के आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ का भी विमोचन किया गया। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत साधु-संतों के उत्साह, श्रद्धालुओं की आस्था और कुंभ के आगमन की प्रसन्नता को स्वर देता है। हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है। गीत के माध्यम से कुंभ के आगमन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और आयोजन के प्रति सांस्कृतिक जुड़ाव मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
परंपरा और तकनीक का संगम बनेगा कुंभ
कुंभ-2027 का लोगो आयोजन को विशिष्ट दृश्य पहचान देगा, वेबसाइट सूचना प्रसार का डिजिटल माध्यम बनेगी और गीत धार्मिक-सांस्कृतिक भावनाओं को अभिव्यक्ति देगा। इन तीनों माध्यमों के समन्वित उपयोग से कुंभ की परंपरा, आध्यात्मिक महत्ता और सांस्कृतिक वैभव को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने की तैयारी है। लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार तथा उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित मेला और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।










Leave a Reply