हरकी पैड़ी पर 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने संभाली गंगा स्वच्छता की कमान, सैकड़ों टन कचरा निकाला

Spread the love

स्वामी करौली शंकर महाराज के आह्वान पर देश-विदेश से जुटे साधकों ने चलाया वृहद गंगा सेवा अभियान, दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कचरा पहुंचाया गया डंपिंग यार्ड

बोले स्वामी करौली शंकर महाराज— मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता ही सच्चा गंगा स्नान, सरकारी योजनाओं से नहीं सामूहिक जिम्मेदारी से आएगा बदलाव

अमित कुमार

हरिद्वार। मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता का संदेश लेकर शनिवार को धर्मनगरी हरिद्वार की विश्वप्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर हजारों हाथ एक साथ उठे। मिश्री मठ के परमाध्यक्ष एवं श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के आह्वान पर देश-विदेश से पहुंचे 10 हजार से अधिक साधकों और श्रद्धालुओं ने वृहद गंगा सेवा अभियान चलाया। अभियान के दौरान गंगा घाटों और जलधारा से भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा निकालकर दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से डंपिंग यार्ड पहुंचाया गया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय करौली शंकर’ के उद्घोष के बीच सुबह 10 बजे शुरू हुआ अभियान देर शाम तक जारी रहा। हजारों स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और सेवा भाव के साथ गंगा की स्वच्छता के लिए श्रमदान किया। मिश्री मठ के वाहनों के साथ मेला प्रशासन और नगर निगम के वाहनों की मदद से एकत्रित कचरे का निस्तारण कराया गया। अभियान में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से आए साधकों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता ही सच्चा गंगा स्नान है। तीर्थनगरी आने की सार्थकता तभी है, जब हम मां गंगा की अविरलता, पवित्रता और निर्मलता को बनाए रखने में अपना योगदान दें। केवल आस्था व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गंगा की सेवा और संरक्षण को अपने आचरण का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व प्रदूषण की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। कहीं ध्वनि प्रदूषण है तो कहीं वायु प्रदूषण, वहीं मनुष्य ने जीवनदायिनी जलधाराओं को भी प्रदूषित कर दिया है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य और स्वस्थ जीवन देना है तो मोक्षदायिनी मां गंगा की निर्मलता की रक्षा करनी होगी। यह काम केवल सरकारी योजनाओं के भरोसे संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझनी होगी और गंगा स्वच्छता को अपनी जीवनशैली में शामिल करना होगा। स्वामी करौली शंकर महाराज ने अभियान में शामिल हजारों श्रद्धालुओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पुण्यदायिनी मां गंगा की सेवा की है, जिसका फल उन्हें कई गुना प्राप्त होगा। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के अध्यक्ष महंत धूनीदास महाराज ने कहा कि स्वामी करौली शंकर महाराज ने गंगा सेवा अभियान के माध्यम से पूरे देश को स्वच्छता और संरक्षण का संदेश दिया है। आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत भी यह अभियान गंगा की स्वच्छता के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे पूर्व भगवान शिव की ससुराल के रूप में प्रसिद्ध दक्षेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई दंडवत यात्रा का शनिवार तड़के समापन हुआ। हजारों अनुयायियों के साथ निकली इस यात्रा को लेकर स्थानीय निवासियों और श्रद्धालु पर्यटकों में विशेष कौतूहल रहा। बारिश के कारण तापमान में गिरावट और कुंभ कार्यों के चलते क्षतिग्रस्त सड़कों के बावजूद श्रद्धालुओं का दंडवत यात्रा के प्रति उत्साह, आस्था और समर्पण देखने लायक रहा। गंगा सेवा अभियान में कोठारी महंत नितिन दास, संस्था प्रबंधक डॉ. उमेश सचान, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, अनिरुद्ध शर्मा, पार्षद राजेश शर्मा, व्यापारी नेता विशाल गुप्ता, पं. अश्वनी शर्मा मोती वाले, पं. शैलेश मोहन, दिव्यम यादव सहित अनेक स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *