कुंभ-2027 में राष्ट्रीय एकता और गंगा स्वच्छता का संदेश देंगे संत : स्वामी करौली शंकर महाराज

Spread the love

नया अखाड़ा उदासीन कनखल से हरकी पैड़ी तक निकली भव्य पदयात्रा, हजारों शिष्य और श्रद्धालु हुए शामिल

बोले स्वामी करौली शंकर महाराज— संकल्प से ही सिद्धि संभव, गंगा की निर्मलता और राष्ट्र की अखंडता के लिए समाज को एकजुट होना होगा

अमित कुमार

हरिद्वार। कुंभ-2027 को राष्ट्रीय एकता, सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और गंगा स्वच्छता के व्यापक संदेश का माध्यम बनाया जाएगा। इसी संकल्प के साथ श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं मिश्री मठ के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज ने शनिवार को श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन, कनखल से हरकी पैड़ी तक हजारों शिष्यों और श्रद्धालुओं के साथ भव्य पदयात्रा निकाली। संतों की उपस्थिति में निकली इस यात्रा का उद्देश्य मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।पदयात्रा का शुभारंभ करते हुए स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि संकल्प से ही सिद्धि संभव है। प्रतिकूल मौसम और भारी वर्षा के बावजूद जिस अनुशासन, श्रद्धा और समर्पण के साथ हजारों भक्तों ने दंडवत यात्रा पूरी की, वह पूरी दुनिया के लिए प्रेरणादायी संदेश है। दिव्य एवं भव्य कुंभ की कामना, मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता, राष्ट्र की एकता-अखंडता तथा सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ दंडवत यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।उन्होंने कहा कि नया अखाड़ा उदासीन कनखल से हरकी पैड़ी तक निकली यह पदयात्रा कुंभनगरी से पूरे देश को रोगमुक्त और शोकमुक्त बनाने के संकल्प के साथ मां गंगा की निर्मलता का संदेश देगी। कुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने के भी महत्वपूर्ण अवसर हैं। स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि मिश्री मठ में नियमित रूप से आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों से साधकों में धर्म के प्रति भक्ति भाव जागृत होता है और भक्ति से ही सेवाभाव का जन्म होता है। दंडवत यात्रा के दौरान साधकों ने जिस श्रद्धा और संकल्प के साथ सेवा का भाव प्रदर्शित किया है, वह निश्चित रूप से पूरे राष्ट्र को मां गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के लिए प्रेरित करेगा। पदयात्रा में श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन के अध्यक्ष महंत धूनीदास, कोठारी महंत नितिन दास, महंत सुतीक्ष्ण मुनि, संस्था प्रबंधक डॉ. उमेश सचान, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, अनिरुद्ध शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, स्वामी बुध मुनि, संत गुरमीत सिंह सहित हजारों श्रद्धालु शामिल रहे। ललतारौ पुल पर व्यापारी नेता विजय शर्मा, अंकेश भाटी, विशाल गुप्ता, पार्षद सचिन कुमार, पार्षद दीपक शर्मा, सचिन शर्मा, गोस्वामी गगनदीप दत्त, राघव ठाकुर, रूपेश शर्मा, गोपी सैनी, अंकुर राजपूत, नितिन गिरि और गुलशन अरोड़ा सहित अन्य लोगों ने पदयात्रा का भव्य स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *