मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, लोकनृत्य, गायन, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर
अमित कुमार
हरिद्वार। जिला प्रशासन एवं युवा कल्याण विभाग, प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त तत्वावधान में ऋषिकुल ऑडिटोरियम में युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के सांस्कृतिक ट्रैक के तहत आयोजित महोत्सव में जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे युवाओं और छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, गायन, भाषण, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, पेंटिंग और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की आकर्षक झलक पेश की।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आज का युवा नई ऊर्जा, संकल्प और आत्मविश्वास के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के युवा जिला और राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल स्टेडियमों और राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसरों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला और हुनर प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। ऐसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में बड़े स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। आयोजकों ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा को और निखारने तथा राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांड्ये, मुकेश भट्ट, पूनम मिश्रा, हिमांशु गुप्ता, चंद्रमोहन मिश्रा, शिवकुमार कश्यप, ऋचा गुप्ता और संध्या सहित विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागी, युवा कल्याण विभाग के कार्मिक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।











Leave a Reply