62वीं वाहिनी में राष्ट्रीय एकता दिवस पर शपथ ग्रहण समारोह, साइकिल रैली, पदयात्रा और रन फॉर यूनिटी का आयोजन
कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने कहा—राष्ट्रीय एकता और अखंडता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व
पी. के. गुप्ता
भिनगा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भिनगा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के निर्देशन एवं गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित समारोह में अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने अधिकारियों एवं बल कार्मिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में लौह पुरुष का योगदान अविस्मरणीय है। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने जवानों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। राष्ट्रीय एकता दिवस को जनभागीदारी और उत्साह के साथ मनाने के लिए वाहिनी मुख्यालय के साथ सभी बाह्य सीमा चौकियों पर भी शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किए गए। वहीं, विभिन्न समवायों की ओर से रन फॉर यूनिटी, साइकिल रैली और पदयात्रा निकाली गई। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के सामूहिक संकल्प को दोहराया गया।











Leave a Reply