जंगल में छिपाया गया हथियारों का जखीरा बरामद, एसएसबी-पुलिस का संयुक्त अभियान सफल

Spread the love

मोर्वे डेम के समीप पहाड़ी के जंगल में मिले तीन हथियार, 48 जिंदा कारतूस और 12 ईएफसी; कई संवेदनशील इलाकों में चलाया गया सर्च ऑपरेशन

पी. के. गुप्ता 

गयाजी। लखीसराय जिले के बन्नुबगीचा थाना क्षेत्र में एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन तलाशी अभियान के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया है। हथियार मोर्वे डेम के समीप देहनी टोला टिकहाव पहाड़ी के जंगल में छिपाकर रखे गए थे। बरामदगी में तीन हथियार, चार मैगजीन, विभिन्न बोर के 48 जिंदा कारतूस, 12 ईएफसी तथा अन्य संदिग्ध सामग्री शामिल हैं। यह कार्रवाई 29वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), गया के कमांडेंट श्री कुणाल के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट श्री अबनीश यादव के नेतृत्व में की गई। वाहिनी के ‘एफ’ समवाय बन्नुबगीचा और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने न्यू बरमसिया, न्यू बंकुरा, पंचभुर, सिमरातरी, मोर्वे डेम तथा श्रृंगी ऋषि पहाड़ी क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से जांच की गई। इसी क्रम में मोर्वे डेम से करीब 400 मीटर दक्षिण-पूर्व दिशा में देहनी टोला टिकहाव पहाड़ी के जंगली इलाके में छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद मिले। बरामद हथियारों में एक एसबीबीएल (12 बोर) राइफल और एक 9 एमएम एसएमजी कार्बाइन शामिल हैं। इनके साथ मैगजीन, स्लिंग और विभिन्न बोर के कारतूस भी बरामद किए गए।

ये हथियार और सामग्री मिली

बरामदगी में एक 12 बोर एसबीबीएल राइफल, एक 9 एमएम एसएमजी कार्बाइन, एक कार्बाइन मैगजीन, एक स्लिंग, 9 एमएम के 11, 5.56 एमएम के तीन, 7.62 एमएम के 13, 7.62 एमएमजी के 12 तथा .303 के नौ जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा 7.62 एमएम के 10 और 12 बोर के दो ईएफसी, एक दूरबीन, दो राउंड चार्जर तथा एक मोबाइल वायर्ड ईयरफोन भी बरामद किया गया। संयुक्त टीम ने बरामद सभी हथियारों, कारतूसों और अन्य सामग्रियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए बन्नुबगीचा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब बरामद हथियारों के स्रोत, उन्हें जंगल में छिपाने वालों तथा इनके संभावित इस्तेमाल के संबंध में जांच करेगी। एसएसबी और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *