राजनाथ सिंह के बयान को आलोक शर्मा ने बताया ‘झूठ का पुलिंदा’, भाजपा पर साधा निशाना

Spread the love

“अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि तक नहीं दे सके रक्षा मंत्री, उत्तराखंड के विकास और जनसमस्याओं पर भी साधी चुप्पी”

अमित कुमार

हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने भाजपा कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान पर तीखा हमला बोलते हुए उसे झूठ का पुलिंदा और जुमलेबाजी करार दिया। प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की बैठक में उत्तराखंड के विकास और जनसमस्याओं पर चर्चा करने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी की गई। आलोक शर्मा ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देना तो दूर, उनके प्रति संवेदना के दो शब्द तक नहीं कहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सहित भाजपा के अन्य नेताओं ने भी प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर चुप्पी साधे रखी। भाजपा नेता आगामी विधानसभा चुनाव में 65 सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि पार्टी दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने राजस्थान जिला परिषद चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि जनता भाजपा के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी है और उत्तराखंड में भी भाजपा सरकार की विदाई तय है। कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार पर राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर भाजपा नेता राष्ट्र सुरक्षा की बातें करते हैं, वहीं दूसरी ओर चीन भारतीय सीमाओं में घुसपैठ कर रहा है। जम्मू-कश्मीर में शहीद जवानों को सम्मान नहीं दिया जा रहा है। अमेरिका से भारतीयों को हथकड़ियां लगाकर वापस भेजे जाने और पाकिस्तानी मंत्री को देश भ्रमण कराने जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश लगातार कर्ज में डूब रहा है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है।यूथ कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं और जनता प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री से निराश हो चुकी हैं। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार से लोगों की उम्मीदें खत्म होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला मोर्चा ने कभी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए आवाज नहीं उठाई, जबकि कांग्रेस लगातार न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार आरोपियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह योजना उत्तराखंड के युवाओं के हित में नहीं है। सरकार रोजगार के नाम पर युवाओं को गुमराह कर रही है। रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण प्रदेश के युवा पलायन करने को मजबूर हैं। प्रेसवार्ता में मनोज सैनी, सोम त्यागी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, उत्कृष्ट वालिया, जयंत जोशी, गौरव चौहान, अबरार अली, अभय, आरिफ सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *