पार्षद सुमित त्यागी की पत्नी ने लगाए दहेज उत्पीड़न और मारपीट के आरोप

Spread the love

मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने का दावा, पुलिस से मांगी जान-माल की सुरक्षा

ए. गुप्ता

हरिद्वार। नगर निगम के पार्षद सुमित त्यागी की पत्नी साक्षी त्यागी ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने पुलिस से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। साक्षी त्यागी ने बताया कि उनका विवाह 11 मई 2026 को दोनों की सहमति से हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पति सुमित त्यागी और उसके परिवार के लोग दहेज की मांग को लेकर उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने पति पर कई बार मारपीट करने का भी आरोप लगाया। साक्षी के अनुसार, 14 नवंबर को सुमित त्यागी ने उनके साथ-साथ उनकी मां नूतन त्यागी के साथ भी मारपीट की। घटना के संबंध में उन्होंने जगजीतपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। साक्षी का दावा है कि पुलिस ने इस मामले में सुमित त्यागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन अब उन पर और उनके परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनके परिवार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है। साक्षी ने पुलिस प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई करने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। इस दौरान उनकी मां नूतन त्यागी ने भी सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से उनका परिवार आहत है। उन्होंने पुलिस से पार्षद सुमित त्यागी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

नोट: मामले में लगाए गए आरोपों पर पार्षद सुमित त्यागी का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *