मोहन भागवत और राजनाथ सिंह सहित कई दिग्गज जुटेंगे जन्मशताब्दी समारोह में

Spread the love

देव संस्कृति विश्वविद्यालय में 21-22 नवंबर को होगा दो दिवसीय आयोजन, 40 देशों के 24 हजार से अधिक परिजनों के पहुंचने की संभावना

अमित कुमार

हरिद्वार। माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित देश की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। देव संस्कृति विश्वविद्यालय में 21 और 22 नवंबर को आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, सांसद बांसुरी स्वराज सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की भी भागीदारी रहेगी। समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या ने आज विश्वविद्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि यह आयोजन धर्मतंत्र के जागरण, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित रहेगा। समारोह में भारत सहित 40 देशों के 24 हजार से अधिक परिजनों के शामिल होने की संभावना है। देशभर में गायत्री परिवार के 5,590 से अधिक केंद्रों के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे। डॉ. पंड्या ने कहा कि सामाजिक समरसता, नशामुक्त भारत, संस्कारयुक्त समाज और युवा शक्ति के जागरण को गति देना समारोह के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। विशेष रूप से हरिद्वार के युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने के लिए भी विशेष पहल की जाएगी। दो दिवसीय समारोह के दौरान ध्वजारोहण, शोभायात्रा, संत समागम और विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श के सत्र आयोजित किए जाएंगे। संत समागम में योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी राजराजेश्वराश्रम, स्वामी चिदानंद मुनि सहित अनेक प्रमुख संत शामिल होंगे। समारोह के विभिन्न सत्रों में आरएसएस सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और सांसद बांसुरी स्वराज अपने विचार रखेंगे। आयोजन के दौरान माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में विशेष डाक टिकट के विमोचन का प्रस्ताव भी रखा गया है। जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी के इस आयोजन को गायत्री परिवार की आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई गति देने वाले महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *