गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों और जलीय जैव विविधता के संरक्षण का लिया संकल्प
अमित कुमार
हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को मत्स्य विभाग की ओर से कामधेनु घाट पर गंगा नदी में मत्स्य बीज संचयन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कामधेनु लोक में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ जलीय जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखना रहा। कार्यक्रम में निदेशक मत्स्य विभाग उत्तराखंड सीएस धर्मशक्तु, उपनिदेशक मत्स्य प्रमोद कुमार शुक्ल तथा गढ़वाल मंडल की उपनिदेशक अल्पना हल्दिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नीलकांत सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं अतिथियों ने गंगा की मुख्य धारा में मत्स्य बीज संचयन किया। इसके बाद कामधेनु लोक में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नदियों में वैज्ञानिक पद्धति से गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संचयन प्राकृतिक मत्स्य भंडार को समृद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे जलीय जैव विविधता के संरक्षण, पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने और भविष्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के माध्यम से गंगा की निर्मलता एवं जैव विविधता को सुरक्षित रखने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।












Leave a Reply