राष्ट्र की असली ताकत नागरिकों के चरित्र और संस्कारों में निहित : राज्यपाल

Spread the love

विकसित भारत के लिए भौतिक प्रगति के साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक उन्नति भी जरूरी

अमित कुमार

हरिद्वार। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के चरित्र, संस्कार, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति समर्पण में निहित होती है। श्रेष्ठ चिंतन, शुद्ध आचरण और लोकमंगल की भावना ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। विकसित भारत के निर्माण के लिए भौतिक विकास के साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक उन्नति भी आवश्यक है। राज्यपाल हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में प्रतिभाग कर रहे थे। उन्होंने अखंड ज्योति के अवतरण की शताब्दी और माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष को आध्यात्मिक चेतना एवं लोकमंगल का प्रेरणादायी अवसर बताया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव की विचारधारा और माताजी के त्याग, सेवा तथा नारी जागरण के आदर्श समाज को मानव कल्याण के लिए समर्पित होने की प्रेरणा देते हैं।

राज्यपाल ने राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना केवल उनके भविष्य को संवारना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों और राष्ट्र को सशक्त बनाने का माध्यम है। समाज में सत्य, करुणा, सेवा, ईमानदारी, परोपकार और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र परिवर्तन की सबसे बड़ी संवाहक है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को सही दिशा देना जरूरी है। युवा आधुनिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान में आगे बढ़ने के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहें। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, संस्कृति और अध्यात्म को आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी के वर्तमान दौर में वैज्ञानिक प्रगति के साथ मानवीय संवेदना, नैतिक विवेक और सामाजिक उत्तरदायित्व का समन्वय भी जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प की ओर बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी के साथ नैतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उन्नति भी आवश्यक है। देवभूमि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं के माध्यम से इस राष्ट्रीय संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। दीप महायज्ञ को त्याग, सहयोग, समर्पण और लोकमंगल का प्रतीक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यज्ञ की प्रत्येक आहुति समाज और राष्ट्र के हित में योगदान देने की प्रेरणा देती है। उन्होंने लोगों से सेवा, सद्भाव और समर्पण के मूल्यों को अपनाने तथा परिवारों को संस्कारवान बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संत-महात्मा, अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पाण्ड्या सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विद्वज्जन और युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *