आधुनिक वकालत के गुर सीखेंगे कोर यूनिवर्सिटी के विधि छात्र

Spread the love

पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में न्यायिक एवं कानूनी विशेषज्ञों ने दिए व्यावहारिक प्रशिक्षण, प्रभावी बहस और कानूनी शोध की बारीकियां समझायी

अमित कुमार

रुड़की। कोर यूनिवर्सिटी (COER University) के कॉलेज ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से आधुनिक वकालत की बारीकियों और व्यावहारिक कौशल से विधि छात्रों को परिचित कराने के उद्देश्य से पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। 16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला का विषय ‘मास्टरिंग द आर्ट ऑफ मॉडर्न एडवोकेसी’ रहा। इसमें न्यायिक एवं कानूनी क्षेत्र के विशेषज्ञों ने छात्रों को आधुनिक वकालत की चुनौतियों और प्रभावी पैरवी के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। कार्यशाला में लखनऊ हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता निरंकार सिंह, हरिद्वार जिला एवं सत्र न्यायालय के जितेश चंद्र तिवारी, अधिवक्ता एवं अकादमिक शोधकर्ता सृष्टि तिवारी, वरिष्ठ आपराधिक अधिवक्ता समीर गुप्ता तथा उत्तराखंड हाईकोर्ट के स्टेट लॉ ऑफिसर दीपक भारद्वाज ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने न्यायालय की कार्यप्रणाली, प्रभावी बहस की तकनीक, आधुनिक वकालत की चुनौतियों और कानूनी शोध के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। संवादात्मक सत्रों के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक अनुभव साझा किए गए। विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर कानूनी क्षेत्र से जुड़े अपने सवालों के जवाब भी प्राप्त किए। इस अवसर पर कॉलेज ऑफ लीगल स्टडीज के डीन प्रो. डॉ. जे.एन. सिंह ने सभी अतिथि वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी बेहद जरूरी है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य में एक कुशल, सक्षम और आत्मविश्वासी अधिवक्ता बनने के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम का समन्वय कॉलेज ऑफ लीगल स्टडीज की असिस्टेंट प्रोफेसर आकांक्षा शर्मा ने किया। समापन अवसर पर उन्होंने अतिथि वक्ताओं, डीन, संकाय सदस्यों और प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *