गंगा की मत्स्य संपदा बढ़ाने को मुख्यमंत्री धामी ने किया 10 हजार मत्स्य बीज का संचय

Spread the love

विश्व मात्स्यिकी दिवस पर अमरापुर घाट में आयोजित हुआ कार्यक्रम, जलीय जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता का आह्वान

ए. गुप्ता

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व मात्स्यिकी दिवस के उपलक्ष्य में हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीज का संचय कर प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंगा की निर्मलता और प्राकृतिक जलीय संसाधनों के संरक्षण के लिए जनसहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा केवल हमारी आस्था और संस्कृति का आधार ही नहीं, बल्कि समृद्ध प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा सहित प्रदेश की नदियों में पाई जाने वाली मत्स्य संपदा और अन्य जलीय जीवों का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में मत्स्य बीज संचयन जैसी पहल प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे मछलियों की उपलब्धता बढ़ाने, जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने और मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को प्रोत्साहित करने में मदद मिलती है। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने आमजन से गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के साथ जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों में प्रदूषण रोकना, जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास सुरक्षित रखना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम के माध्यम से गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण, जलीय जैव विविधता के संवर्धन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस पहल को नदी के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ जनसहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *