वन भूमि से डीरिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र को भेजने और भूमि नियमितीकरण नीति के लिए उप मंत्रिमंडलीय समिति गठन को मंजूरी
ए. गुप्ता
बापूग्राम। उत्तराखंड मंत्रिमंडल की ओर से बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने तथा भूमि नियमितीकरण के लिए नीति बनाने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति गठित करने की मंजूरी दिए जाने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई। इस फैसले के बाद बापूग्राम के लोगों ने फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ स्वागत कर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह निर्णय वर्षों से अपने अधिकारों और भूमि संबंधी समस्या के स्थायी समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हजारों परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान की दिशा में सरकार का कदम महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों की ओर से बताया गया कि बापूग्राम की समस्या को लेकर लगातार प्रयास किए गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कई बार मुलाकात कर इस विषय को उठाया गया। इसके साथ ही मुख्य सचिव और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष भी क्षेत्र की समस्या को प्रमुखता से रखा गया। मंत्रिमंडल के फैसले को इन्हीं प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बताया गया। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। साथ ही भरोसा दिलाया कि बापूग्राम के लोगों के हितों की रक्षा और उनकी वर्षों पुरानी भूमि संबंधी समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।












Leave a Reply