विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, हरिद्वार की 11 सीटों पर ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान शुरू

Spread the love

मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन गांवों और मोहल्लों तक पहुंचकर देंगी मतदान प्रक्रिया की जानकारी, डेमोंस्ट्रेशन सेंटर भी स्थापित

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रशिक्षण के लिए चिन्हित मशीनें अलग स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखीं

अमित कुमार

हरिद्वार। विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर हरिद्वार जिले में निर्वाचन तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए जन-जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। 16 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को मतदान की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाताओं के बीच ईवीएम एवं वीवीपैट को लेकर जागरूकता बढ़ाना और मतदान प्रक्रिया के प्रति विश्वास एवं समझ विकसित करना है। इसके लिए जिले में प्रशिक्षण और जागरूकता से संबंधित व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए कुल 181 मशीनें (बीयू, सीयू एवं वीवीपैट) चिन्हित की गई हैं। इनमें से 23 बैलेट यूनिट, 23 कंट्रोल यूनिट और 23 वीवीपैट को अलग स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा गया है। मशीनों को निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुसार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुरक्षित किया गया। प्रशिक्षण के लिए चिन्हित मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई है।

गांवों और मोहल्लों तक पहुंचेंगी मोबाइल वैन

मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफिसर के मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आम नागरिक स्वयं ईवीएम और वीवीपैट के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया समझ सकेंगे। इसके अलावा जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में मोबाइल डेमोंस्ट्रेशन वैन (एमडीवी) तैनात की गई हैं। ये वैन गांवों, मोहल्लों, वार्डों, मतदान केंद्रों और विभिन्न क्लस्टरों में पहुंचकर मतदाताओं को मशीनों की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करेंगी।

चुनाव घोषणा तक जारी रहेगा अभियान

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने तक यह व्यावहारिक जागरूकता अभियान जारी रहेगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।अभियान की नियमित निगरानी भी की जा रही है। इसके तहत डेमोंस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल वैन के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों, प्रदर्शन देखने वाले नागरिकों तथा मॉकपोल में प्रतिभाग करने वाले लोगों की संख्या की साप्ताहिक अथवा पाक्षिक रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजी जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने जिले के संभ्रांत नागरिकों और मतदाताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता का जागरूक होना जरूरी है। मतदाता ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें तथा आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का जिम्मेदारी के साथ प्रयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *