आचार्यकुलम् के छात्र अनंत योगेश ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया हरिद्वार का मान

Spread the love

‘इंडिया जीनियस चैलेंज’ में हासिल की 97वीं रैंक, देश के शीर्ष 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में बनाई जगह

अमित कुमार

हरिद्वार। आचार्यकुलम् के 15 वर्षीय मेधावी छात्र अनंत योगेश ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ‘इंडिया जीनियस चैलेंज’ (आईजीसी) में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में 97वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देश के शीर्ष 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में अपना स्थान बनाया है। प्रतियोगिता में देश के 2,578 शहरों के 6,027 स्कूलों से कुल 64,837 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शीर्ष 100 में जगह बनाना अनंत की प्रतिभा, कठिन परिश्रम और एकाग्रता को दर्शाता है। उनकी इस सफलता से आचार्यकुलम् परिवार में खुशी और गौरव का माहौल है। इस उपलब्धि पर परमपूज्य स्वामी रामदेव जी ने कहा कि आचार्यकुलम् विश्व का विशिष्ट शिक्षण संस्थान है, जहां विद्यार्थियों की उपलब्धियां सभी को विस्मित कर देती हैं। वहीं, परमश्रद्धेय आचार्य बालकृष्ण जी ने कहा कि आचार्यकुलम् के विद्यार्थी का ‘इंडिया जीनियस चैलेंज’ में देश के शीर्ष 100 प्रतिभाशाली छात्रों में पहुंचना संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रतीक है। संस्थान के अनुसार, विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी तैयार किया जाता है। अनुभवी आचार्यों के मार्गदर्शन और सर्वांगीण विकास पर केंद्रित शिक्षण पद्धति से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाता है। इस अवसर पर आचार्यकुलम् की उपाध्यक्षा डॉ. ऋतंभरा शास्त्री ‘बहन जी’ और प्राचार्या स्वाति मुंशी ने अनंत योगेश को शुभाशीष देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उप-प्राचार्य तापस कुमार बेरा, समन्वयिका दीपा, मुख्य छात्रावास अधीक्षक एवं क्रीड़ाध्यक्ष अमित सहित संस्थान के आचार्य, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *