लेखक गाँव संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का अनूठा केंद्र : पेमा खांडू

Spread the love

अरुणाचल के मुख्यमंत्री ने थानो स्थित देश के पहले लेखक गाँव का किया भ्रमण, हिमालयी राज्यों के मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन आयोजित करने पर दिया जोर

अमित कुमार

देहरादून। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने थानो स्थित देश के पहले लेखक गाँव का भ्रमण कर इसकी परिकल्पना और गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ में लोग अपनी संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में लेखक गाँव अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भगवान नरसिंह नागराजा मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने लेखक गाँव के संस्थापक, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ से मुलाकात की और गाँव की विभिन्न अवस्थापनाओं का अवलोकन किया। नालंदा पुस्तकालय में उन्होंने लेखक गाँव परिवार के सदस्यों से भी आत्मीय संवाद किया।मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि लेखक गाँव की परिकल्पना अद्भुत और नवाचारी है। आज केवल देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को ऐसे प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस पहल का लाभ उत्तराखंड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश और विश्व के साहित्य, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने लेखक गाँव में हिमालयी राज्यों के मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए इस दिशा में शीघ्र पहल करने की बात कही। डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू का स्वागत करते हुए कहा कि लेखक गाँव भारतीय साहित्य, संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का साझा मंच है। इसका उद्देश्य देश-दुनिया के सृजनशील लोगों को एक साथ जोड़ना और भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करना है। उन्होंने कहा कि पेमा खांडू के विचारों से इस पहल को नई ऊर्जा और व्यापक दृष्टि मिलेगी। लेखक गाँव की निदेशक विदुषी निशंक ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड दोनों हिमालयी राज्य समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के धनी हैं। ऐसे संवाद और आपसी सहयोग से इन विरासतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर साझा प्रयासों को भी गति मिलेगी। इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. जयपाल, सुभाष बर्थवाल, शादाब शम्स, पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा, पद्मश्री डॉ. माधुरी बर्थवाल, पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. सविता मोहन, स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राकेश सुन्दरियाल, डॉ. सुरेंद्र दत्त सकलानी, डॉ. राजेश नैथानी, डॉ. सुशील उपाध्याय, बालकृष्ण चमोली सहित लेखक गाँव परिवार के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *