ज्योतिष चमत्कार नहीं, जीवन का गूगल मैप; संभावित परिस्थितियों के प्रति सचेत करने वाली विद्या : आचार्य राजीव

Spread the love

वैदिक विज्ञान को अंधविश्वास से निकाल वैज्ञानिक शोध के आधार पर पुनः स्थापित करना जरूरी : आचार्य राजीव

मेडिकल एस्ट्रोलॉजी और एस्ट्रो फर्टिलिटी पर शोध की जानकारी दी, चिकित्सा विज्ञान के साथ संवाद और स्वतंत्र सत्यापन पर दिया जोर

अमित कुमार

हरिद्वार। वैदिक एनर्जी से जुड़े आचार्य राजीव ने कहा कि वैदिक विज्ञान और ज्योतिष को चमत्कार या अंधविश्वास के बजाय वैज्ञानिक दृष्टिकोण, गंभीर अध्ययन और शोध के आधार पर पुनः स्थापित करना समय की जरूरत है। ज्योतिष को आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का विकल्प मानना गलत है। इसका उद्देश्य व्यक्ति को भविष्य की संभावित परिस्थितियों के प्रति सचेत करना और सही समय पर उचित निर्णय लेने में मार्गदर्शन देना है। आज मध्य हरिद्वार स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में आचार्य राजीव ने कहा कि ज्योतिष में चमत्कार का दावा नहीं किया जाना चाहिए। जो ज्योतिषी चमत्कार होने का आश्वासन देते हैं, वे इस प्राचीन विद्या की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने ज्योतिष की उपयोगिता को समझाते हुए कहा कि ज्योतिष जीवन का गूगल मैप है। जिस प्रकार गूगल मैप रास्ते में आने वाली बाधाओं, ट्रैफिक और संभावित परिस्थितियों के संकेत देता है, उसी प्रकार ज्योतिष भी व्यक्ति को यह समझने में मदद कर सकता है कि कब सावधानी बरतनी है, कब धैर्य रखना है और कब अवसरों का लाभ उठाना है।

मेडिकल एस्ट्रोलॉजी पर दस वर्षों से अध्ययन

आचार्य राजीव ने मेडिकल एस्ट्रोलॉजी पर अपने अध्ययन की जानकारी देते हुए बताया कि वह पिछले करीब दस वर्षों से कैंसर मरीजों की जन्म कुंडलियों का अध्ययन कर रहे हैं। उनके अनुसार इस अध्ययन के दौरान कुछ ग्रहों और दशाओं से जुड़े संभावित पैटर्न सामने आए हैं। इनमें राहु, गुरु, केतु और मंगल की स्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन संकेतों की प्रामाणिकता जानने के लिए व्यापक वैज्ञानिक शोध की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल एस्ट्रोलॉजी को चिकित्सा विज्ञान का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति को बीमारी का भय दिखाना नहीं, बल्कि संभावित संवेदनशील समय के प्रति जागरूक करना है, ताकि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर व्यक्ति लापरवाही न करे और समय पर चिकित्सक से परामर्श ले। उन्होंने चिकित्सा विशेषज्ञों और ज्योतिष के शोधकर्ताओं के बीच संवाद तथा संयुक्त अध्ययन की जरूरत बताई।

आईवीएफ के मामलों में ज्योतिषीय परामर्श का दावा

आचार्य राजीव ने बताया कि वह पिछले सात वर्षों से प्रजनन संबंधी ज्योतिषीय अध्ययन भी कर रहे हैं। इसके तहत एस्ट्रो फर्टिलिटी चार्ट तैयार कर महिला और पुरुष दोनों की कुंडलियों का अध्ययन किया जाता है। उन्होंने आईवीएफ के मामलों में इस पद्धति के माध्यम से परामर्श देने और 80 प्रतिशत तक सफलता के परिणाम देखने का दावा किया। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस क्षेत्र में चिकित्सा विशेषज्ञों के सहयोग से वैज्ञानिक परीक्षण और स्वतंत्र सत्यापन जरूरी है।

450 संस्कृत विद्यार्थी वैदिक मंत्रों के अध्ययन से जुड़े

वैदिक परंपराओं के संरक्षण और पुनर्जीवन पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि यजुर्वेद में वर्णित रोग विशेष से संबंधित मंत्रों के अध्ययन और उच्चारण पर व्यापक कार्य किया जा रहा है। इस कार्य में करीब 450 संस्कृत विद्यार्थियों को जोड़ा गया है। हरिद्वार के ऋषिकुल और मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के विद्यार्थी भी इस अध्ययन प्रक्रिया में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वैदिक मंत्रों के शुद्ध उच्चारण को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था विकसित की जा रही है। कोई भी व्यक्ति किसी विशेष मंत्र का सही उच्चारण सीखना चाहता है तो ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकता है। इसके बाद विद्यार्थियों के सहयोग से उसे प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

तीन दिन में ज्योतिष-वास्तु सिखाने के दावे चिंताजनक

आचार्य राजीव ने कहा कि ज्योतिष, वास्तु और अन्य वैदिक विद्याओं को केवल पारंपरिक मान्यताओं तक सीमित रखना उचित नहीं है। इनके व्यवस्थित अध्ययन, शोध और व्यावसायिक प्रशिक्षण की जरूरत है। इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं। उन्होंने तीन दिन में ज्योतिष और वास्तु सिखाने जैसे दावों पर चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह के प्रचार से इन विद्याओं की गंभीरता और विश्वसनीयता प्रभावित होती है। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें रूस के चिकित्सा विश्वविद्यालयों में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया है। वैदिक ज्ञान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए इसे शोध, प्रमाण और अकादमिक संवाद से जोड़ना आवश्यक है। आचार्य राजीव ने कहा कि वैदिक विज्ञान हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे संरक्षित करने के लिए केवल दावे करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यवस्थित अध्ययन, वैज्ञानिक शोध, प्रमाणिकता और नई पीढ़ी की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। ज्योतिष को चमत्कार के बजाय संभावित परिस्थितियों के प्रति जागरूक करने वाले मार्गदर्शक के रूप में समझा जाना चाहिए।पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ समाजसेवी आलोक शर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *