जनगणना के सही आंकड़ों के लिए परिवार के मुखिया की सटीक जानकारी जरूरी: डॉ. सोनी

Spread the love

टाटवाला विद्यालय में आयोजित हुआ जनगणना जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों से घर-घर जागरूकता पहुंचाने की अपील

अमित कुमार

हरिद्वार। जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के आंकड़े तभी सटीक होंगे, जब प्रत्येक परिवार अपने सभी सदस्यों की सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएगा। परिवार के मुखिया की सटीक जानकारी से ही देश की वास्तविक जनसंख्या और सामाजिक स्थिति का सही आकलन संभव है। यह बात पर्यावरणविद् एवं वृक्षमित्र डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी ने बहादराबाद के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टाटवाला में आयोजित जनगणना जागरूकता कार्यक्रम में कही। स्व-जनगणना एवं आगामी जनगणना में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. सोनी ने छात्र-छात्राओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को जनगणना के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाए जाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाएं तैयार करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने परिवार के सभी सदस्यों की सही जानकारी उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की भूमिका केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि वे राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में जनजागरूकता के प्रभावी वाहक भी बन सकते हैं। छात्र अपने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को जनगणना में सहयोग करने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी परिवार या व्यक्ति गणना से वंचित न रहे। इस अवसर पर राज कुमार ने कहा कि गांव और मोहल्लों तक राष्ट्रीय कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बीपी सिंह ने कहा कि सभी को मिलकर यह प्रयास करना चाहिए कि जनगणना में कोई भी व्यक्ति छूटने न पाए।विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है और इसमें सही जानकारी देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन को सराहनीय पहल बताते हुए शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता की प्रशंसा की। कार्यक्रम में राजकीय शिक्षक संघ ब्लॉक बहादराबाद के अध्यक्ष वीरपाल सिंह सहित शिक्षक दीपक कुमार, हर्षवर्धन नेगी, धर्मवीर सिंह, जसप्रीत तथा छात्र-छात्राएं निधि, रितिका, जैसिका, रिया, तरुण, हिमांशु, सूरज, विकास, रिहान और संजय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राज कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *