गंगा में गंदा पानी छोड़ने और नालों में गोबर डालने वालों पर होगी कार्रवाई

Spread the love

जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने दिए सख्त निर्देश, घाटों से हटेगा अतिक्रमण

अमित कुमार

हरिद्वार। गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और संरक्षण को लेकर प्रशासन ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नालों में गोबर डालने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाए। वहीं, गंगा में गंदा पानी छोड़ने, घाटों पर अतिक्रमण करने और सार्वजनिक स्थानों पर प्लास्टिक व गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपवन संरक्षक एवं जिला गंगा समिति के सदस्य सचिव के तत्वावधान में आयोजित बैठक में गंगा को प्रदूषणमुक्त बनाने और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। डीएफओ ने नगर निगम हरिद्वार को निर्देशित किया कि शहर के सभी डेयरी संचालकों को नालों में गोबर डालने से रोकने के लिए जागरूक किया जाए। इसके बावजूद निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएं। साथ ही गंदगी और प्लास्टिक फैलाने वालों के खिलाफ भी नियमित अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। जल संस्थान को निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में गंदा पानी अथवा नालों का पानी गंगा में न गिरने पाए। इसके लिए नियमित निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाए और उल्लंघन सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। बैठक में गंगा किनारे स्थित घाटों से अतिक्रमण हटाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। डीएफओ ने संबंधित अधिकारियों को गठित टीमों के माध्यम से अतिक्रमण हटाओ अभियान में तेजी लाने और घाटों को अतिक्रमणमुक्त बनाने के निर्देश दिए। स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि गंगा संरक्षण केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपेक्षा की।बैठक में मीनाक्षी मित्तल, राजेश चौहान, राजेंद्र सिंह, सत्यदेव आर्य, एमएन जोशी, कुलदीप सिंह, प्रशांत पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला गंगा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *