डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्मित सभागार का भव्य उद्घाटन, न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने रखे विचार
केपीएस चौहान
हरिद्वार। कोर्ट रूम के बाहर अधिवक्ताओं के लिए विचार-विमर्श और कानूनी अध्ययन का नया मंच आज तैयार हो गया। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्मित अधिवक्ता सभागार का भव्य समारोह के बीच उद्घाटन किया गया। समारोह में न्यायिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं ने सभागार को अधिवक्ता हितों के साथ-साथ न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने कहा कि नवनिर्मित सभागार अधिवक्ता हितों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज का सजग प्रहरी होता है। कोर्ट रूम के बाहर उन्हें ऐसे स्थान की आवश्यकता होती है, जहां वे मामलों का अध्ययन करने के साथ कानूनी विषयों पर सेमिनार और आपसी विमर्श कर सकें। यह सभागार इसी आवश्यकता को पूरा करेगा।
‘न्याय के प्रति जवाबदेही होगी मजबूत’
बार काउंसिल ऑफ उत्तराखंड के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि यह सभागार अधिवक्ताओं के भीतर न्याय के प्रति जवाबदेही को और मजबूत करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां होने वाले कानूनी विमर्श और विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में मददगार साबित होंगे।
‘कानूनी विमर्श से वादकारियों को मिलेगा लाभ’
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि अधिवक्ताओं के आपसी सहयोग और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस सुंदर भवन का निर्माण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि सभागार में अधिवक्ताओं के बीच कानूनी विषयों पर विचार-विमर्श होगा, जिसका सीधा लाभ वादकारियों को न्याय दिलाने में मिलेगा। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता सुशील कुमार भसीन एवं बार संघ सचिव विपिन कुमार द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में काशीपुर के पूर्व बार अध्यक्ष उमेश जोशी का विशेष रूप से स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रधान परिवार न्यायाधीश अजय चौधरी सहित न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विजय शर्मा, प्रदीप जगता, तनवीर भारती, राकेश सिंह, अजय चौहान, राजेश राठौर, शासकीय अधिवक्ता दिनेश पंवार, कुशल पाल सिंह चौहान, विनय गुप्ता, राव शबाहत, अरुण कुमार नाथ, उत्तम सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने सहभागिता की। बार संघ उपाध्यक्ष मीनाक्षी कपिल समेत वरिष्ठ महिला अधिवक्ताओं की भी समारोह में मौजूदगी रही।











Leave a Reply