विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर निकली विधिक जागरूकता रैली
के.पी.एस. चौहान
हरिद्वार। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर शिक्षा, पुलिस, परिवहन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जनपद स्तरीय व्यापक विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली का शुभारंभ प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर एवं दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली दिल्ली पब्लिक स्कूल से प्रारंभ होकर स्वर्ण जयंती पार्क, सेक्टर-4 पीठ बाजार होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरकर पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिवक्ताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर मानव तस्करी के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया। प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश नरेंद्र दत्त के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है।
इस रैली का उद्देश्य मानव तस्करी के पीड़ितों के प्रति समाज में संवेदनशीलता विकसित करना, उनके विधिक एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा इस अपराध की रोकथाम के लिए जनसहभागिता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के दशकों बाद भी यह सामाजिक बुराई समाज में मौजूद है, जिसके उन्मूलन के लिए सभी को जागरूक और संवेदनशील बनना होगा। प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता अभियान और रैलियां विद्यार्थियों को मानव तस्करी जैसे जघन्य अपराध के प्रति सजग बनाती हैं। जागरूक छात्र ही समाज में इस अपराध की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रैली में परिवहन विभाग की अरुणा सैनी एवं उनकी टीम, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जवान, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, शिवडेल पब्लिक स्कूल जगजीतपुर, पुलिस मॉडर्न स्कूल रोशनाबाद के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के एलएडीसी अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता तथा अधिकार मित्र मौजूद रहे।
वन स्टॉप सेंटर में विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ
विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने बहादराबाद स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राधिकरण की ओर से स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का फीता काटकर शुभारंभ किया तथा वहां एक पैनल अधिवक्ता एवं अधिकार मित्र की तैनाती की। उन्होंने केंद्र के कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित मंचों पर प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने का परामर्श भी दिया।
इसके बाद गैस प्लांट पुलिस चौकी, थाना रानीपुर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का औचक निरीक्षण कर वहां तैनात पैनल अधिवक्ता एवं अधिकार मित्र के कार्यों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मासिक बैठक में आगामी विधिक गतिविधियों की बनी रूपरेखा
जिला न्यायालय सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की मासिक बैठक जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल, फौजदारी एवं राजस्व) तथा जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में आगामी माह की विधिक जागरूकता गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही पीड़ित प्रतिकर योजना तथा अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने किया।












Leave a Reply