बाढ़ के बीच वायु सेना का ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’, छत पर फंसे 12 लोगों की बचाई जान

Spread the love

कमजोर झोपड़ी की छत पर उतरे गरुड़ कमांडो, हेलीकॉप्टर से विन्च कर महिलाओं और बच्चों समेत सभी को निकाला सुरक्षित

पी. के. गुप्ता

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में बाढ़ के बीच भारतीय वायु सेना ने आज साहस और तत्परता का परिचय देते हुए इंद्रावती नदी के उत्तरी तट पर डोंगाघाट गांव के पास फंसे 12 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। तेज बहाव के बीच कमजोर हो चुकी कच्ची झोपड़ी की छत पर फंसे लोगों को निकालना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन वायु सेना की टीम ने बेहद कम समय में अभियान को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, डोंगाघाट गांव के निकट कच्ची झोपड़ियों में करीब 10 से 12 लोगों के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही भारतीय वायु सेना की मध्य वायु कमान का एक दल खोज एवं बचाव अभियान के लिए रवाना हुआ। इलाके की हवाई निगरानी के दौरान बचाव दल को एक कच्ची झोपड़ी की छत पर नागरिक दिखाई दिए।

पल-पल मंडरा रहा था खतरा

तेज बहाव के कारण झोपड़ी की स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी थी और उसके कभी भी ढहने का खतरा बना हुआ था। ऐसे में बचाव दल के सामने सीमित समय में सभी लोगों को सुरक्षित निकालने की चुनौती थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गरुड़ कमांडो को कमजोर छत पर उतारा गया। कमांडो ने वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों समेत सभी नागरिकों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया में मदद की।

हेलीकॉप्टर से विन्च कर निकाले गए सभी लोग

गरुड़ कमांडो की सहायता के बाद मंडराते हेलीकॉप्टर से विन्च की मदद से एक-एक कर सभी 12 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। तेज बहाव और लगातार बने खतरे के बीच चलाया गया यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ। भारतीय वायु सेना के इस त्वरित बचाव अभियान से बाढ़ के बीच फंसे नागरिकों को समय रहते सुरक्षित निकाला जा सका। अभियान ने आपदा की विषम परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और प्रशिक्षित बचाव दल की भूमिका को भी सामने रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *