पंजाब एंड सिंध बैंक की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत हुआ आयोजन
आर. के. जोशी
बीकानेर। मुरलीधर व्यास कॉलोनी स्थित ग्वाल बाल शिक्षा निकेतन सेकेंडरी विद्यालय में पंजाब एंड सिंध बैंक की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं और दसवीं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय ‘भ्रष्टाचार’ रखा गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने इस सामाजिक बुराई के प्रति अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की टीना साध ने प्रथम, निधि जोशी ने द्वितीय तथा खुशी कुम्हार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा दसवीं में एकता उपाध्याय प्रथम, सिद्धार्थ बिस्सा द्वितीय और गुंजन साध तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर पंजाब एंड सिंध बैंक की गोकुल सर्किल शाखा के प्रबंधक राहुल कुमार ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक रहने तथा ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।











Leave a Reply