ब्लू प्रिंट दिखाया तो दूर हुई व्यापारियों की चिंता

Spread the love

कुंभ की विकास योजनाओं पर व्यापारियों की आशंकाएं दूर, व्यापारियों ने दिया सहयोग का भरोसा

सड़क-फुटपाथ व चौराहों के विकास में आवागमन, पार्किंग और कारोबार की सुविधा का रखा जाएगा ध्यान

अमित कुमार

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत शंकर आश्रम चौक और पुराने रानीपुर मोड़ से परशुराम चौक क्षेत्र में प्रस्तावित सड़क, फुटपाथ और चौराहों के विकास कार्यों को लेकर व्यापारियों की आशंकाएं अब दूर हो गई हैं। मेला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों के बीच पहुंचकर योजनाओं के ब्लू प्रिंट और डिजाइन दिखाए तथा प्रस्तावित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। योजनाओं की जानकारी मिलने के बाद व्यापारियों ने विकास कार्यों को उपयोगी बताते हुए मेला प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर कुंभ मेला विकास कार्यों को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और अन्य हितधारकों से लगातार संवाद किया जा रहा है। इसी क्रम में आज अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती अधिकारियों की टीम के साथ शंकर आश्रम चौक और पुराने रानीपुर मोड़-परशुराम चौक क्षेत्र में पहुंचे।

ब्लू प्रिंट से दूर हुईं भ्रांतियां

अपर मेलाधिकारी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और नागरिकों से संवाद कर सड़क सुधार, फुटपाथ निर्माण और सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने प्रस्तावित कार्यों के ब्लू प्रिंट और डिजाइन भी दिखाए। इससे योजनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुई और आवागमन, पार्किंग तथा व्यापारिक गतिविधियों को लेकर बनी भ्रांतियां दूर हुईं। अपर मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के लिए विकसित की जा रही अवस्थापना सुविधाओं का लाभ मेला समाप्त होने के बाद भी स्थानीय लोगों को मिलता रहे, इसी उद्देश्य से योजनाएं तैयार की गई हैं।

हरकी पैड़ी से शहर के प्रमुख मंदिरों और बाजारों तक श्रद्धालुओं व स्थानीय नागरिकों के पैदल आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पैदल यात्री अनुकूल फुटपाथ विकसित किए जा रहे हैं।

सड़क के डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ेगी

अपर मेलाधिकारी ने कहा कि आंतरिक सड़कों और चौराहों के सुधार के साथ सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के कार्य भी किए जाएंगे। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्यों के दौरान व्यापारिक गतिविधियों, स्थानीय आवागमन, वाहनों के संचालन और पार्किंग से जुड़ी व्यावहारिक जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा। यातायात संचालन को सुचारू रखने के लिए मेलाधिकारी ने सड़क के मध्यवर्ती डिवाइडर की चौड़ाई नहीं बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

व्यापारियों ने कहा- अब स्थिति स्पष्ट

संवाद के दौरान व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योजनाओं की पूरी जानकारी नहीं होने के कारण पहले कुछ आशंकाएं थीं। खासतौर पर यातायात, आवागमन और वाहनों की पार्किंग को लेकर व्यापारियों में चिंता थी।

मेला प्रशासन की ओर से ब्लू प्रिंट और डिजाइन के माध्यम से प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी दिए जाने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है। व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क, फुटपाथ और चौराहों के सुधारसौंदर्यीकरण की योजनाओं को हरिद्वार के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इनका लाभ कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी लंबे समय तक मिलेगा। उन्होंने कार्यों को तेजी से पूरा कराने में मेला प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिया।वार्ड संख्या 15 के पार्षद विवेक भूषण ‘विक्की’, वार्ड संख्या 23 के पार्षद प्रतिनिधि गुलशन शर्मा तथा स्थानीय व्यापारी प्रतिनिधि सागर अरोड़ा, सुभाष जिंदल और राजेश कुमार ने अपने सुझाव रखे। अधिकारियों ने उपयोगी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, पीआईयू के सहायक अभियंता सरीन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *