मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को किया रवाना, 49 श्रद्धालुओं ने शुरू की पावन यात्रा

Spread the love

रमेश राम

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर स्थित शारदा पर्यटक आवास गृह से कैलाश मानसरोवर यात्रा के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सफल यात्रा की कामना करते हुए कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक एकता और राष्ट्रीय समरसता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री के टनकपुर पहुंचने पर पारंपरिक छोलिया नृत्य से उनका स्वागत किया गया तथा पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने सभी यात्रियों का रुद्राक्ष की माला और भगवान शिव का पटका पहनाकर स्वागत किया तथा उनसे आत्मीय संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से ही किसी श्रद्धालु को कैलाश मानसरोवर यात्रा का अवसर मिलता है। उन्होंने यात्रियों से श्रद्धा, धैर्य और विश्वास के साथ यात्रा पूरी करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह यात्रा सीमांत क्षेत्रों के विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देती है। उन्होंने यात्रियों से स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों की खरीद कर स्थानीय लोगों को भी सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। प्राचीन मंदिरों के पुनरुद्धार और धार्मिक स्थलों के विकास से भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान मिली है। यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने भी उत्तराखंड सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। सातवीं बार कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालु अनिल कुमार जैन सहित अन्य यात्रियों ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, सुविधा और आतिथ्य व्यवस्था के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। प्रथम दल शनिवार शाम टनकपुर पहुंचा था, जहां देवभूमि की परंपरा के अनुरूप छोलिया नृत्य, पुष्पवर्षा, फूल-मालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शारदा पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि प्रथम दल में चिकित्सक सहित कुल 49 तीर्थयात्री शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष और 15 महिलाएं हैं। श्रद्धालु आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए हैं। दल के साथ तमिलनाडु के डॉ. अरुण कुमार चिकित्सक के रूप में शामिल हैं। राजस्थान के 68 वर्षीय पुरुषोत्तम खंडेलवाल सबसे वरिष्ठ और गुजरात के 21 वर्षीय हरिकृष्णा सबसे युवा श्रद्धालु हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके विशेष प्रयासों से लगातार दूसरे वर्ष टनकपुर मार्ग से कैलाश मानसरोवर यात्रा संचालित की जा रही है। इससे सीमांत जनपद चम्पावत में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, परिवहन, होटल उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मंडल आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं मंडल निवेदिता कुकरेती, कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, आईटीबीपी, सेना, एसएसबी, ग्रेफ के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *