डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी

Spread the love

जनसुनवाई में 100 शिकायतें पहुंचीं, 55 का मौके पर निस्तारण

अमित कुमार 

हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 100 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 55 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। फरियादियों ने भूमि पर अवैध कब्जा हटाने, सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, बिजली के जर्जर पोल बदलने, सड़क निर्माण तथा जल निकासी जैसी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करें। लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर सख्ती

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि एल-1 स्तर पर 509 तथा एल-2 स्तर पर 157 शिकायतें लंबित हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करें और शिकायतकर्ताओं से फोन पर संवाद स्थापित कर उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित करें।

हरित हरिद्वार अभियान के तहत बांटे गए फलदार पौधे

हरित हरिद्वार एवं हरेला पर्व अभियान को बढ़ावा देने के लिए जनसुनवाई में पहुंचे फरियादियों और मीडिया प्रतिनिधियों को जिला प्रशासन की ओर से फलदार पौधे वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने सभी से पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि जनसहभागिता से हरिद्वार को अधिक हराभरा बनाया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *