जलभराव, सड़क बाधित होने या किसी भी आपदा की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने के आदेश, राहत-बचाव टीमों को रखा गया तैयार
ए. गुप्ता
हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि भारी वर्षा के कारण जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने, भवन क्षति अथवा अन्य किसी भी आपदा की स्थिति में संबंधित अधिकारी बिना देरी राहत एवं बचाव कार्य शुरू करें और इसकी सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।डीएम ने उप जिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर स्थापित आपदा नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने तथा वहां तैनात कर्मचारियों को पूर्ण अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि किसी भी क्षेत्र से जलभराव या अन्य आपदा संबंधी सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को तुरंत अवगत कराया जाए और राहत एवं बचाव टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल रवाना किया जाए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि वह स्वयं जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से जनपद में वर्षा की स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों से नियमित फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक अधिकारी जनहित में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।












Leave a Reply