रुड़की की सॉस फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा

Spread the love

351 बिना लेबल की सॉस बोतलें सीज, 8 क्विंटल सॉस मौके पर नष्ट; अग्रिम आदेश तक उत्पादन और बिक्री पर रोक

एस. गुप्ता

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की के मतलबपुर स्थित “मां भगवती फूड्स” सॉस निर्माण इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बिना लेबल की 351 वेजिटेबल सॉस की बोतलें सीज की गईं, जबकि अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार किया गया लगभग 8 क्विंटल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये बताई गई है, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि बाजार में बिना लेबल की सॉस की बिक्री संबंधी लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उपयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार की टीम ने निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सॉस की 351 बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम एवं पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर तथा सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) का विवरण अंकित नहीं था, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। इन सभी बोतलों को तत्काल सीज कर दिया गया।

गंदगी के बीच हो रहा था सॉस का निर्माण

खाद्य सुरक्षा टीम को जांच के दौरान फैक्ट्री में अत्यंत अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां मिलीं।

सॉस निर्माण में इस्तेमाल की जा रही मशीनों पर गंदगी जमी हुई थी, जबकि दीवारों और फर्श की साफ-सफाई भी बेहद खराब पाई गई। टीम ने मौके से वेजिटेबल सॉस के दो नमूने लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेज दिए।

आवश्यक दस्तावेज भी नहीं मिले

निरीक्षण के दौरान संचालक पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र तथा सॉस पैकिंग में उपयोग की जा रही प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं कर सके।

उत्पादन, भंडारण और बिक्री पर लगाई रोक

लेबलिंग नियमों के उल्लंघन, अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न कराने के कारण निर्माण इकाई में तैयार एवं स्टॉक में रखा लगभग 8 क्विंटल सॉस मौके पर नष्ट कराया गया।

साथ ही सॉस एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई। इस संबंध में नोटिस फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर चस्पा कर दिया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने कहा कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *