2 अक्टूबर को सरकारी कार्यालयों, संस्थानों और विद्यालयों में होंगे विविध कार्यक्रम
डीएम मनीष कुमार ने दिए भव्य आयोजन और वृहद स्वच्छता अभियान के निर्देश
रमेश राम
चम्पावत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में 2 अक्टूबर को जिलेभर में जयंती समारोह गरिमापूर्ण एवं भव्य ढंग से मनाने के साथ-साथ व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में निर्धारित समय पर कार्यक्रम आयोजित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया जाए। उन्होंने जनपदभर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाने पर विशेष जोर देते हुए सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और अन्य स्थानों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें जनसहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को गांधी जी और शास्त्री जी के विचारों से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के बीच सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने और सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा। साथ ही कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला पंचायतराज अधिकारी महेश कुमार, अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, प्रारंभिक जिला शिक्षा अधिकारी भारत जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।











Leave a Reply